पटना सिटी. चहारदीवारी विहीन सैदपुर नहर में गुरुवार को न्यू अजीमाबाद कॉलोनी के निकट इ-रिक्शा चालक के साथ नहर में गिर गया. इ-रिक्शा में कोई सवारी नहीं थी. लोगों ने चालक को नाले से निकाला. लोगों ने बताया कि इ-रिक्शा लेकर चालक अफरोज जा रहा था. अचानक अनियंत्रित होकर इ-रिक्शा समेत नाले में गिर गया. घटना को देख स्थानीय लोग दौड़े और चालक को नाले से बाहर निकाला. चालक को मामूली चोट आयी. मोबाइल व रुपये भी नाले में गिर गया.
पाटलिपुत्र नगर विकास समिति के अध्यक्ष रितेश कुमार बबलू का कहना है कि न्यू अजीमाबाद सेक्टर डी के निकट सैदपुर नाले के दक्षिण बीच सड़क पर चैंबरनुमा गड्ढा है. जर्जर सड़क की शिकायत पदाधिकारियों से की है. बांस की घेराबंदी कराने की मांग भी की गयी. लेकिन अब तक ऐसा नहीं हुआ. लोगों का कहना है की अब तक कई लोग सैदपुर नाले में गिर कर काल के गाल में समा चुके हैं. सड़क की स्थिति भी जर्जर होने से अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती है.स्थानीय लोगों का कहना है कि नहर को पाट कर सड़क निर्माण कार्य 259 करोड़ से आरंभ हुआ है. लेकिन अभी तक निर्माण नहीं हो सका है. लोगों ने सैदपुर नहर पर सैदपुर से लेकर लड्डू अखाड़ा गायघाट ग्रिड तक लोहे के बैरिकेटिंग कराने की मांग की.
सैदपुर नहर नाला में गिर अज्ञात युवक की मौत
पटना सिटी. आलमगंज थाना क्षेत्र के एनएमसीएच मार्ग में सैदपुर नहर नाला के समीप नाले में गुरुवार की शाम गिरने से एक अज्ञात युवक की मौत हो गयी है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि लघुशंका के लिए युवक नहर के पास गया था. इसी दौरान संतुलन बिगड़ने की स्थिति में वो नाला में गिर गया. जिससे डूब कर उसकी मौत हो गयी. पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला प्रतीक होता है कि युवक नशा में था. फिलहाल पुलिस युवक की पहचान की दिशा में कार्य कर रही है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
