पटना से अंबर की रिपोर्ट पटना. पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर में सोमवार को राजनीति विज्ञान के विद्यार्थियों के लिए करियर गाइडेंस सत्र का आयोजन किया गया. सत्र की अध्यक्षता प्रॉक्टर सह हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की नोडल अधिकारी प्रो कीर्ति ने की. कुलपति प्रो. उपेंद्र प्रसाद सिंह ने इस पहल को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को रोजगार और करियर के अवसरों की जानकारी प्राप्त करने में सहायक सिद्ध होते हैं. इस अवसर पर विशेषज्ञ वक्ता डॉ सपना बरुआ ने राजनीति विज्ञान विषय से प्री-पीएचडी कोर्स वर्क कर रहे विद्यार्थियों को देश के विभिन्न शिक्षण और शोध संस्थानों तथा रोजगार के संभावित अवसरों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी. पीपीयू की कुलानुशासक सह नोडल अधिकारी प्रो कीर्ति ने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के विभिन्न आयामों पर चर्चा की. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने विषय ज्ञान के साथ-साथ सामान्य ज्ञान, व्यवहार-कौशल, शिष्टाचार एवं प्रभावी संवाद क्षमता का भी विकास करना चाहिए. उन्होंने कहा कि राजनीति विज्ञान विषय काफी व्यापक है और इसमें करियर की संभावना अधिक है. इसलिए छात्रों को अपने विषय को मजबूत बनाने की आवश्यकता है. कार्यक्रम में प्रो. रीती कुमारी, प्रो. सलोनी कुमार,चीफ मेडिकल आफिसर डॉ राणा एन के सिंह के अलावा बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद थे.
पीपीयू में राजनीति विज्ञान के विद्यार्थियों को मिला करियर गाइडेंस
राजनीति विज्ञान के छात्रों को दी गयी करियर संबंधित सलाह
