Bihar Road Project: बिहार के ग्रामीण इलाकों में सड़कों की तस्वीर बदलने वाली है. करीब 10 हजार 337 किलोमीटर लंबाई में ग्रामीण सड़कों की सतह बनकर तैयार हो गई. लगभग 30 हजार 843 किलोमीटर लंबाई में निर्माण का लक्ष्य है. यह निर्माण ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण एवं प्रबंधन कार्यक्रम के तहत किया जा रहा है. इस कार्यक्रम के तहत राज्य में टोटल 18 हजार 19 ग्रामीण सड़कों को बेहतर करने की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है.
किस जिले में कितनी लंबी बन रही सड़क?
ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से कराए जा रहे निर्माण कार्य के तहत समस्तीपुर जिले में सबसे ज्यादा 733 किलोमीटर लंबाई में ग्रामीण सड़कों का सतह बन कर तैयार हो चुका है. इसके अलावा मिथिलांचल के मधुबनी जिले में 670 किलोमीटर, मुजफ्फरपुर में 530 किलोमीटर और पूर्वी चंपारण में 483 किलोमीटर लंबाई में ग्रामीण सड़कों की सतह बनाई जा चुकी है. गड्डा-मुक्त और मजबूत राइडिंग क्वालिटी वाली इन सड़कों की बदौलत अब बारिश के दिनों में भी यातायात को लेकर कोई परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी.
किस योजना के तहत बन रही सड़क?
राज्य के दूर गांवों, टोलों और बसावटों को राज्य के प्रमुख रास्तों से जोड़ने की दिशा में ग्रामीण कार्य विभाग ने सुलभ संपर्कता योजना की शुरुआत की है. राज्य के कई ऐसे गांव और टोले हैं, जहां से मुख्य सड़कों तक पहुंचने के लिए लोगों को पतले, घुमावदार या कच्चे रास्तों से होकर गुजरना पड़ता था.
अब सुलभ संपर्कता योजना के माध्यम से इन पुरानी समस्याओं का एक स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है. इससे अब ग्रामीणों को अपनी पंचायत, प्रखंड, अनुमंडल या सीधे जिला मुख्यालय सहित बैंक, स्कूल, अस्पताल और मंडी जाने में किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.
Also Read: सहरसा एयरपोर्ट का होगा विस्तार, 147 करोड़ होंगे खर्च, इन 3 जिलों को फायदा
