Bihar Rain Alert: बिहार में मौसम में हुए बदलाव के कारण मंगलवार को अधिकतर जिलों में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. इससे लोगों को राहत मिली. आज सुबह-सुबह भी कई जिलों में बादल छाए रहे. इस बीच मौसम विभाग ने 29 और 30 अप्रैल को पूरे बिहार में अलर्ट जारी किया है. आज उत्तर बिहार के जिलों में ऑरेंज अलर्ट और दक्षिण बिहार के जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग ने जताई ये संभावना
मौसम विभाग की माने तो, आज दिनभर बादल छाए रह सकते हैं. इसके साथ ही कहीं तेज बारिश तो कुछ जिलों में मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की जा सकती है. साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. इस तरह से 30 अप्रैल को भी पूरे बिहार में कुछ इसी तरह की स्थिति बनी रह सकती है. बिहार में बिगड़े मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है. खासकर किसानों से बिगड़े मौसम में खुले में नहीं रहने की अपील की है.
पटना में 7 डिग्री तक लुढ़का तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, पटना में दिन के तापमान में सात डिग्री से अधिक की गिरावट दर्ज हुई. जिससे लोगों को दिन में गर्मी से हल्की राहत महसूस हुई. मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक राज्य भर में अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों के अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री गिरावट की संभावना है.
अगले 5 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने यह भी संभावना जताई कि अगले पांच दिनों के दौरान राज्य के अनेक भागों के न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना है. मंगलवार को भी दिन का सबसे अधिक तापमान डेहरी में 41 डिग्री और भभुआ में 40.8 डिग्री दर्ज किया गया. पटना में 35 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हुई.
