Bihar Politics: पटना में जेडीयू ने आज विधायक दल की बैठक बुलाई है, जो कि बेहद खास मानी जा रही है. इस बैठक में विधायक दल का नेता चुना जाएगा. राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है कि नीतीश कुमार के इस्तीफा देने और राज्यसभा जाने के बाद जेडीयू का चेहरा कौन हो सकता है. इसे लेकर कुछ नेताओं के नाम पर संभावनाएं जताई जा रही हैं. आज की बैठक में नीतीश कुमार खुद भी मौजूद रहेंगे.
इस जेडीयू नेता का नाम सबसे आगे
विधायक दल का नेता को लेकर सबसे आगे डिप्टी सीएम विजय चौधरी का नाम है. वह सम्राट चौधरी सरकार में डिप्टी सीएम हैं और पार्टी में मजबूत पकड़ रखते हैं. इसलिए उन्हें विधायक दल का नेता बनाए जाने की संभावना ज्यादा मानी जा रही है. लेकिन बिजेंद्र प्रसाद यादव भी इस रेस में शामिल हैं. जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा था, बैठक को लेकर सारी तैयारी पूरी कर ली गई है.
निशांत कुमार के नाम की भी चर्चा
उमेश कुशवाहा ने निशांत कुमार को लेकर भी कहा था कि वे पार्टी से जुड़े कामकाज को देख रहे हैं, जो कि पार्टी के लिए अच्छी बात है. इससे संगठन को मजबूती मिल सकती है. ऐसे में निशांत कुमार को लेकर भी संभावना जताई जा रही है कि उन्हें विधायक दल का नेता चुना जा सकता है. लेकिन नई सरकार बनने से पहले निशांत कुमार के डिप्टी सीएम बनने की चर्चा तेज थी. लेकिन उन्होंने खुद यह संकेत दिया कि वे अभी संगठन को मजबूत करने पर ध्यान देंगे.
रविवार को पार्टी नेताओं के साथ बैठक
रविवार को निशांत कुमार ने पार्टी के नेताओं संग बैठक की थी. इस दौरान उन्होंने पार्टी नेताओं से कहा था कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के मार्गदर्शन जदयू संगठन के कार्यों को आगे बढ़ायें. साथ ही गरीब-केंद्रित जनकल्याणकारी योजनाओं की लगातार निगरानी रखें. नीतीश कुमार के ऐतिहासिक विकास कार्यों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं.
Also Read: गांधी मैदान के आस-पास आज गाड़ियों की नो एंट्री, विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू
