सीएम सम्राट आज पेश करेंगे विश्वास मत, जानिए कितने विधायकों के समर्थन की है जरूरत

Bihar Politics: बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज विधानसभा में विश्वास मत पेश करेंगे. इसके लिए एक दिन का विशेष सत्र बुलाया गया है. विधानसभा में एनडीए विधायकों की संख्या बल को देखते हुए यह तय माना जा रहा है कि सम्राट चौधरी की सरकार विश्वास का मत हासिल कर लेगी.

Bihar Politics: सीएम सम्राट चौधरी को विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने के लिए 122 विधायकों के समर्थन की जरूरत है. सदन में एनडीए के 201 विधायक हैं. ऐसे में बेहद आसानी से विश्वास मत हासिल कर लेने की चर्चा तेज है.

गुरुवार को उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा था कि सरकार को विश्वास मत हासिल करने में कहीं कोई दिक्कत नहीं है. विश्वास मत के दौरान एनडीए के सभी घटक दल भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), रालोमो और हम के सभी विधायक मौजूद रहेंगे.

6 महीने में दूसरी बार विश्वास मत

पिछले 6 महीने में दूसरी बार राज्य की एनडीए सरकार विश्वास का मत हासिल करेगी. इसके पहले विधानसभा चुनाव होने और नीतीश कुमार की अगुवाई में बनी नई सरकार ने दिसंबर, 2025 में विश्वास का मत हासिल किया था. अब सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बनी एनडीए की दूसरी सरकार आज विश्वास का मत हासिल करेगी. सचिवालय के निदेशक राजीव कुमार की ओर से जारी लेटर के अनुसार बैठक निर्धारित समय पर एक दिन के लिए होगी.

15 अप्रैल को ली थी CM पद की शपथ

सम्राट चौधरी ने 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. उनके साथ जेडीयू कोटे के दो उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र यादव और विजय चौधरी ने भी शपथ लिया था. इसके बाद से वह लगातार एक्शन मोड में हैं. वे जनता दरबार में आम लोगों की समस्याएं सुन रहे. इसके अलावा दिल्ली जाकर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात भी की थी.

गुरुवार को सीएम ने किया था समीक्षा बैठक

गुरुवार को ही मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में वित्त विभाग और आंतरिक संसाधन से संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक हुई. समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों को कहा कि राजस्व संग्रहण की नई संभावनाओं को तलाशें. उन्होंने कहा था कि सभी विभागों में वित्तीय अनुशासन जरूरी है, इसे लेकर अपेक्षित कार्रवाई भी सुनिश्चित करें. संसाधनों का सदुपयोग जरूरी है.

साथ ही यह भी कहा था कि सरकार की ओर से विभिन्न विभागों के लिए जो भी लक्ष्य निर्धारित किया जाता है, उसे ससमय पूर्ण करना जरूरी है. राज्य का बजट आकार काफी बढ़ा है. राज्य में विकास के काफी काम किए जा रहे है. लोगों के हित में सरकार सभी जरूरी कदम उठा रही है.

Also Read: गयाजी में 1629 एकड़ में डेवलप होगी ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप, जमीन की खरीद-बिक्री पर रोक

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Preeti Dayal

डिजिटल जर्नलिज्म में 3 साल का अनुभव. डिजिटल मीडिया से जुड़े टूल्स और टेकनिक को सीखने की लगन है. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं. बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं में रुचि रखती हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >