सीएम सम्राट के विश्वास मत से पहले विजय चौधरी का दावा, 'सरकार नई लेकिन रास्ता पुराना'

Bihar Politics: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुक्रवार को विधानसभा में विश्वास मत पेश करेंगे. इससे पहले डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने दावा किया है कि वे मजबूती से विश्वास मत हासिल करेंगे. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि नई सरकार बनी है लेकिन रास्ता वही पुराना वाला होगा.

Bihar Politics: सीएम सम्राट चौधरी के विश्वास मत से पहले डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने मजबूती से विश्वास मत हासिल करने का दावा किया. जेडीयू ऑफिस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विजय चौधरी ने कई मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी. विजय चौधरी ने यह भी कहा, विधानसभा की बैठक कल बुलाई गई है. मजबूती से विश्वास मत प्राप्त करेंगे.

विजय चौधरी ने और क्या कहा?

विजय चौधरी ने यह भी कहा कि हमारी ताकत ये है कि ये सरकार नीतीश कुमार की ओर से आशीर्वादित और स्थापित सरकार है. नई सरकार बनाने के लिए सम्राट चौधरी को आशीर्वाद मिला. नीतीश कुमार का रास्ता लोगों की पसंद का है. एनडीए सरकार को समर्थन मिल रहा है. उन्होंने क्लियर कहा, नई सरकार जरूर बनी है लेकिन रास्ता पुराना वाला ही है. बिहार की जनता से किए वादे पूरे होंगे. जनता को नीतीश कुमार का रास्ता पसंद है.

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को विधानसभा सचिवालय की ओर से सत्र को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. सुरक्षा, बैठक व्यवस्था और कार्यसूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया जारी है. ऐसे में बिहार की राजनीति के लिए 24 अप्रैल का दिन खास माना जा रहा है.

मंत्रिमंडल विस्तार और निशांत पर भी दी प्रतिक्रिया

नई सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने कहा, इसके लिए घबराने की जरूरत नहीं है. जल्द ही विस्तार हो जाएगा. बुधवार की शाम सीएम सम्राट की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक हुई, जिसमें 22 एजेंडों पर मुहर लगी. इसके साथ ही बिहार में निशांत कुमार की यात्रा पर कहा, यह स्वाभाविक है. ये पार्टी के लिए स्वागत योग्य बात है.

तेजस्वी पर साधा निशाना

तेजस्वी यादव ने पिछले दिनों सरकार के खजाने को लेकर बयान दिया था. ऐसे में आज प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने कहा, बिहार की जनता विकास देखती है कि खजाना देखती है. उनको खजाना ही देखना है तो जरा अपना भी देख लें. लगातार हर इलाके में विकास हो रहा है. लेकिन वित्त विभाग अबतक लाल घेरे में नहीं आया है, जैसा उनके समय में था.

Also Read: बिहार में एक करोड़ की चोरी, बंद घर से कीमती गहने और नगद ले उड़े चोर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Preeti Dayal

डिजिटल जर्नलिज्म में 3 साल का अनुभव. डिजिटल मीडिया से जुड़े टूल्स और टेकनिक को सीखने की लगन है. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं. बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं में रुचि रखती हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >