Bihar Cabinet Expansion: पटना के गांधी मैदान में सम्राट कैबिनेट के 32 मंत्रियों ने शपथ ली. गांधी मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और जदयू अध्यक्ष पूर्व सीएम नीतीश कुमार की मौजूदगी में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जेनरल रिटायर्ड सैयद अता हसनैन ने सभी मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. आइए सम्राट कैबिनेट के 6 मंत्रियों का प्रोफाइल देखते हैं.
श्रवण कुमार का प्रोफाइल
श्रवण कुमार करीब 67 वर्ष की उम्र के हैं. वे 1994 में समता पार्टी के गठन से ही नीतीश कुमार के साथ रहे. वे पहली बार 1995 में समता पार्टी के टिकट पर नालंदा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़े और जीते. इसके बाद से अब तक लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं. वे इससे पहले भी कई मंत्री पद की जिम्मेदारी निभा चुके हैं.
अशोक चौधरी का प्रोफाइल
अशोक चौधरी की उम्र करीब 57 साल है. वे साल 2000 में पहली बार कांग्रेस की टिकट पर बरबीघा से चुनाव जीते और तत्कालीन राबड़ी मंत्रिमंडल में कारा राज्य मंत्री बनाये गये. उनको 2013 में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी का अध्यक्ष बनाया गया. उन्होंने 2018 में कांग्रेस छोड़ दिया और जदयू के साथ हो गये. फिलहाल वे विधान परिषद सदस्य हैं.
सुनील कुमार का प्रोफाइल
सुनील कुमार करीब 64 साल की उम्र के हैं. वे आइपीएस अधिकारी रहे हैं. 2020 में सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने चुनाव लड़ा, जीतकर विधायक और नीतीश सरकार में मंत्री बने. उन्होंने दूसरी बार लगातार अपनी जीत दर्ज की और एक बार फिर से मंत्री पद की जिम्मेदारी मिली है.
मो जमा खान का प्रोफाइल
मो जमा खान करीब 52 साल के हैं. वे जदयू से इकलौते मुस्लिम विधायक हैं. वे पहली बार 2020 में बसपा की टिकट पर चैनपुर से चुनाव जीतकर विधायक बने. बाद में वे जदयू में शामिल हो गये. उन्हें मंत्री पद की जिम्मेदारी दी गयी थी, इस बार भी वे चैनपुर से जदयू की टिकट पर चुनाव जीते और अब मंत्री बने हैं.
रमा निषाद ने वार्ड पार्षद से मंत्री तक का सफर किया
औराई से जीतकर पहली पहली बार विधायक बनी रमा निषाद सबसे अधिक मतों से चुनाव जीतने वाले तीन विधायकों में से एक है़ वह 57 हजार से अधिक मतों से जीती थीं. भाजपा ने उनको पूर्व मंत्री रामसूरत राय की जगह न केवल टिकट दिया बल्कि मंत्रिमंडल में भी शामिल कर बड़ा संदेश दिया है. था. करीब तीन दशक पहले वार्ड पार्षद से राजनीतिक जीवन की शुरुआत करने वाली 58 साल की रमा निषाद इंटर तक पढ़ी हैं. पूर्व सांसद अजय निषाद की पत्नी हैं. स्वर्गीय कैप्टन जयनारायण निषाद की बहू हैं. हाजीपुर नगर परिषद की उपाध्यक्ष और सभापति भी रह चुकी रमा निषाद मुजफ्फरपुर जिला से मंत्री बनने वाली पहली महिला हैं.
दिलीप कुमार जायसवाल
बिहार भाजपा के पूर्व अध्यक्ष दिलीप कुमार जायसवाल बिहार विधान परिषद के सदस्य हैं. पार्टी में उनकी छवि संगठनात्मक नेता के रूप में है. 2024 में भाजपा की नीति एक व्यक्ति एक पार्टी के तहत राजस्व और भूमि सुधार विभाग के मंत्री पद से इस्तीफा देकर संगठन में जिम्मेदारी संभाली थी. विज्ञान से एमएससी और पीएचडी हैं. 2014 के लोकसभा चुनाव में वे किशनगंज निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार से हार गए थे.
