मसौढ़ी में जाम पर एक्शन: सड़क पर उतरे एसडीओ, पीएचसी के पीछे बनेगा वेंडिंग जोन; अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी

मसौढ़ी शहर में लगने वाले महाजाम से आम लोगों को निजात दिलाने के लिए अनुमंडल प्रशासन ने कमर कस ली है. एसडीओ ने आपात बैठक कर अतिक्रमण और जाम के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है.

मसौढ़ी (पटना). मसौढ़ी शहर के मुख्य बाजार में रोज-रोज लगने वाले महाजाम और आम लोगों की फजीहत को लेकर आखिरकार अनुमंडल प्रशासन का डंडा चला है. समाचार पत्रों में प्रमुखता से खबर छपने के बाद शनिवार को एसडीओ धनराज कुमार ने कड़ा रुख अख्तियार किया. उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ आपात बैठक कर रणनीति बनाई और खुद बाजार की सड़कों पर पैदल उतरकर अतिक्रमण व जाम की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया.

अधिकारियों संग बैठक कर तैयार किया एक्शन प्लान

अनुमंडल कार्यालय स्थित अपने कक्ष में एसडीओ ने पुलिस, नगर परिषद, अंचल एवं प्रखंड के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की. बैठक में बाजार में जाम के मुख्य कारणों- सड़क व फुटपाथ पर बेतरतीब तरीके से लगने वाले ठेले, फुटपाथी दुकानें और अनियंत्रित ई-रिक्शा व ऑटो- पर गहन मंथन हुआ. अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि शहर के प्रमुख मार्गों को हर हाल में व्यवस्थित और सुगम बनाया जाए.

पीएचसी के पीछे बनेगा नया वेंडिंग जोन

सड़क किनारे लगने वाली दुकानों को व्यवस्थित करने के लिए एसडीओ ने पीएचसी (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) के पीछे खाली पड़ी जमीन का स्थलीय मुआयना किया. यहां वेंडिंग जोन विकसित करने की कवायद शुरू कर दी गई है. एसडीओ ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राजू रंजन से इस योजना पर विस्तार से चर्चा की. इसके साथ ही बर्तन गली से पीएचसी जाने वाले रास्ते का भी मुआयना किया गया, ताकि वेंडिंग जोन बनने पर खरीदारों व दुकानदारों के आवागमन में कोई बाधा न आए.

मेन रोड से सब्जी मंडी तक पैदल पहुंचे एसडीओ

बैठक और निरीक्षण के बाद एसडीओ धनराज कुमार प्रशासनिक अमले के साथ मेन रोड से लेकर सब्जी मंडी तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे. उन्होंने सड़क और फुटपाथ की जमीनी हकीकत देखी. इस दौरान बीच सड़क पर गाड़ी खड़ी करने वाले ई-रिक्शा चालकों और मनमाने ढंग से ठेला लगाने वाले फुटपाथी दुकानदारों को पंक्तिबद्ध होकर रहने की सख्त हिदायत दी गई. दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि वे अपनी सीमा में रहें, अन्यथा नगर परिषद भारी जुर्माना वसूलने के साथ जब्ती की कार्रवाई करेगी.

कर्पूरी चौक पर निरीक्षण, दुकानदारों में मचा हड़कंप

एसडीओ ने शहर के सबसे व्यस्त कर्पूरी चौक सहित अन्य जाम प्रभावित इलाकों का भी सघन निरीक्षण किया. प्रशासनिक अमले के सड़क पर उतरते ही अवैध कब्जा जमाए ठेला और फुटपाथी दुकानदारों में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में कई जगह से दुकानें पीछे हटाई गईं, जिससे सड़कें खुली और व्यवस्थित नजर आईं. प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: पटना में साइबर ठगी के इंटरनेशनल नेटवर्क का खुलासा, चार गिरफ्तार; APK-Malware से सिस्टम खराब कर वसूलते थे मोटी रकम

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अजय कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >