Tejashwi Yadav Rajbhawan March : पटना के पुनाई चक का रहने वाला पहली कक्षा का छात्र आदित्य कुमार बुधवार को RJD के राजभवन मार्च में अपने माता-पिता के साथ पहुंचा. इतनी कम उम्र में आदित्य ने छात्रों, नौकरी और सरकार को लेकर ऐसी बातें कहीं कि वहां मौजूद लोग भी उसकी बात सुनकर हैरान रह गए. आदित्य ने बताया कि वह बड़ी-बड़ी बातें न्यूज देखकर सीखता है.
छात्रों पर AK-47 चलाने का किया विरोध
आदित्य ने कहा कि वह छात्रों पर AK-47 चलाए जाने के विरोध में तेजस्वी यादव के धरने में शामिल होने आया है. उसका कहना है कि AK-47 बॉर्डर पर आतंकवादियों के लिए होती है, छात्रों के लिए नहीं.
आदित्य ने कहा कि वह आज इसलिए मार्च में शामिल हुआ है ताकि जब वह बड़ा हो, तब उसके साथ ऐसी कार्रवाई न हो. पहली कक्षा में पढ़ने वाले आदित्य की यह बात सुनकर वहां मौजूद लोग भी उसकी समझदारी की चर्चा करते नजर आए.
सम्राट चौधरी के इस्तीफे की कही बात
सरकार को लेकर भी आदित्य ने अपनी बात बेबाकी से रखी. उसने कहा कि अगर सरकार लोगों पर लाठी और गोली चलाती है, तो उसे गद्दी छोड़ने के लिए तैयार रहना चाहिए. उसने खास तौर पर सम्राट चौधरी के इस्तीफे की बात कही.
आदित्य ने कहा कि उसे उम्मीद है कि सरकार को उसकी बातें सुननी पड़ेंगी. उसका कहना है कि बिहार में तेजस्वी प्रसाद यादव की सरकार आनी चाहिए, ताकि युवाओं को नौकरी और रोजगार मिल सके.
माता-पिता के साथ पहुंचा था मार्च में
आदित्य अपने माता और पिता दोनों के साथ राजभवन मार्च में शामिल होने पहुंचा था. उसने बताया कि न्यूज देखकर वह आसपास होने वाली राजनीतिक और सामाजिक घटनाओं के बारे में जानकारी हासिल करता है.
कम उम्र में राजनीतिक मुद्दों पर आदित्य की साफ राय ने राजभवन मार्च के दौरान लोगों का ध्यान खींचा. हालांकि वह अभी पहली कक्षा का छात्र है, लेकिन छात्रों के अधिकार, रोजगार और सरकार के कामकाज को लेकर उसने अपनी बात खुलकर सामने रखी.