पटना : भारत-पाकिस्तान की सीमा पर पीओके के इलाके में आतंकियों के खिलाफ भारतीय सेना की कार्रवाई को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बिहार में भी एलर्ट जारी किया है. ऐसे तो यह अलर्ट पूरे देश में जारी किया गया है, लेकिन बिहार को खासतौर से चौकस रहने के निर्देश जारी किये गये हैं. इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य के गृह विभाग को फैक्स भी भेजा है.
इसके अनुसार, राज्य में आतंकियों के स्लीपर सेल के सक्रिय होने की आशंका जतायी गयी है. स्लीपर सेल को सबसे बड़ा खतरा बताते हुए इसे लेकर खासतौर से चौकसी बरतने की जरूरत है. इसके अलावा बिहार की करीब 600 किमी की पूरी तरह से खुली सीमा नेपाल के साथ जुड़ती है. पूरी सीमा पर सख्त चौकसी बरतने के लिए कहा गया है. सीमा पर आवागमन को लेकर हर तरह से चौकसी बरतने को कहा गया है. सभी सीमावर्ती थानों को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है. इस अलर्ट के मद्देनजर पुलिस मुख्यालय ने सभी 127 सीमावर्ती थानों को खासतौर से चौकस कर दिया है. नेपाल सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गयी है. इधर, दानापुर छावनी को भी हाइअलर्ट कर दिया गया है.
पटना. उड़ी हमले के जवाब में सेना द्वारा पीओके में घुसकर सफल जवाबी कार्रवाई पर उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने बधाई दी है. ट्वीट कर उन्होंने कहा है कि झंडा ऊंचा रहे हमारा. आतंकियों के खिलाफ चलाये गये सर्जिकल ऑपरेशन के लिए राजद परिवार ने भारतीय सेना को बधाई दी है. राजद प्रदेश अध्यक्ष डॉ रामचंद्र पूर्वे, प्रधान महासचिव मुंद्रिका सिंह यादव, सहित अन्य पार्टी नेताओं ने कहा की राष्ट्र की सुरक्षा सबसे महत्त्वपूर्ण है.
मीसा ने किया नमन
राज्यसभा सदस्य डॉ मीसा भारती ने पीओके में सैनिकों की कार्रवाई पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा है कि शूरवीरों की यह धरती भारतीय सेना के शौर्य, वीरता और अदम्य साहस के सामने नतमस्तक है. ट्वीट कर उन्होंने कहा है कि जय हिंद, जय हिंद की सेना.
राष्ट्र की सुरक्षा और संप्रभुता सर्वोपरि : नवल शर्मा : जदयू के प्रदेश प्रवक्ता नवल शर्मा ने कहा कि पाकिस्तान में आतंकी कैंपों पर भारत का सर्जिकल स्ट्राइक स्वागत योग्य कदम है. जदयू का प्रारंभ से ही मानना रहा है कि राष्ट्र की सुरक्षा और संप्रभुता सर्वोपरि है और इससे खिलवाड़ करने वालों को माकूल जवाब मिलनाचाहिए.
पीएम ने पूरा किया वायदा : मोदी
पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि एलओसी पार कर पीओके में चल रहे आतंकी शिविरों को ध्वस्त कर पीएम नरेंद्र मोदी ने वायदा पूरा किया है. आतंकियों को मार गिराने वाले भारतीय सेना के जाबांज जवानों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री ने कोझीकोड की सार्वजनिक सभा में देशवासियों से 18 जवानों की शहादत बेकार नहीं जायेगी का जो वायदा किया था, उसे पूरा कर दिया है.
पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय सेना के साथ है. दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति और सेना की साहसिक कदम की वजह से यह कामयाबी मिली है.
मांझी ने प्रधानमंत्री को दी बधाई : हिंदुस्तान अवाम मोरचा (सेक्यूलर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी व हम के प्रदेश अध्यक्ष वृशिण पटेल ने सीमा पार आतंकी ठिकाने पर सेना की ओर की जा रही कार्रवाई की तारीफ की है. उन्होंने भारतीय सेना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी है.साथ ही देश हित में लिए गये हर निर्णय का समर्थन करने की बात कही है.
