Bihar Politics: बिहार विधानसभा में सीएम सम्राट चौधरी ने विश्वास मत हासिल कर लिया. इसके बाद एनडीए के विधायक लगातार बधाइयां दे रहे हैं. विश्वास मत पेश किए जाने के बाद सदन में चर्चा हुई. उस दौरान सत्ता-पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली. सदन में सीएम सम्राट चौधरी ने कहा, मैंने यह कई बार कहा है कि नीतीश कुमार के सहयोग के बिना लालू प्रसाद मुख्यमंत्री नहीं बन पाते. नीतीश कुमार ने लालू यादव को मुख्यमंत्री बनाया था.
तेजस्वी यादव ने किया था कटाक्ष
सदन में तेजस्वी यादव ने नई सरकार पर जमकर हमला बोला था. उन्होंने कहा था, भाजपा चुनाव के समय ही तय कर देती तो आज विश्वास मत की नौबत नहीं आती. साथ ही सम्राट चौधरी को लेकर भी तेजस्वी यादव ने टिप्पणी की थी. इसके बाद सदन में सीएम सम्राट चौधरी ने तेजस्वी यादव को करारा जवाब देते हुए लालू प्रसाद का भी जिक्र किया.
सम्राट चौधरी ने दिया ये जवाब
तेजस्वी यादव को जवाब देते हुए सम्राट चौधरी ने कहा, सत्ता किसी की बपौती नहीं होती है. मैं यहां सब के आशीर्वाद से बैठा हूं. लालू जी ने मेरे परिवार के 22 सदस्यों को जेल में डाला था. लालू जी ने मिलर हाई स्कूल के ग्राउंड में क्षमा भी मांगा था कि हमसे गलती हुई. लालू जी को भी नीतीश कुमार जी ने ही मुख्यमंत्री बनाया था. ऐसे में कोई किसी की पाठशाला का नहीं होता है, ये लोकतंत्र है.
तेजस्वी यादव ने सदन में यह मुद्दा भी उठाया
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने चर्चा के दौरान राज्य की आर्थिक स्थिति को प्रमुख मुद्दा बनाया. उन्होंने नीति आयोग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि बिहार आज भी देश के सबसे गरीब राज्यों में गिना जाता है. जब सरकारी खजाना खाली रहेगा, तब विकास कार्यों की गति कैसे बढ़ेगी? उन्होंने सरकार से आर्थिक मोर्चे पर ठोस कदम उठाने की मांग की.
उन्होंने दावा किया कि लालू प्रसाद के शासनकाल में वित्तीय प्रबंधन बेहतर था. अपने संबोधन के अंत में तेजस्वी यादव ने नई सरकार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विपक्ष का संख्या बल भले ही कम हो, लेकिन संवाद आवश्यक है. उन्होंने सरकार से विपक्ष को साथ लेकर चलने का आग्रह किया.
साथ ही महिला आरक्षण में अन्य पिछड़ा वर्ग को शामिल करने की मांग की. उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि सभी दलों के नेताओं को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलवाया जाए, ताकि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने की दिशा में प्रयास तेज किए जा सकें.
Also Read: सीएम सम्राट ने विधानसभा में हासिल किया विश्वास मत, स्पीकर ने नई सरकार को दी बधाई
