Patna Junction Mobile Phone Theft : पटना जंक्शन पर मोबाइल चोरी की घटनाओं के खिलाफ चलाये जा रहे विशेष अभियान में जीआरपी को बड़ी सफलता मिली है. रेल थाना पटना जंक्शन की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोबाइल चोरी के आरोप में आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों के पास से आठ स्क्रीनटच मोबाइल और एचपी कंपनी का एक स्लेटी रंग का लैपटॉप बरामद किया गया है.
प्लेटफॉर्म 4-5 के पश्चिमी छोर से शुरू हुई जांच
पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को पटना जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 4/5 के पश्चिमी छोर पर आरओबी के नीचे मोबाइल चोरी की घटना सामने आयी थी. घटना की जानकारी मिलने के बाद रेल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की.
8 आरोपित गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने आठ आरोपितों को पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उनके पास से आठ चोरी के मोबाइल और एचपी कंपनी का लैपटॉप बरामद किया गया. बरामद सामान को पुलिस ने जब्त कर लिया है.
रेल थाना में दर्ज हुआ मामला
मामले को लेकर रेल थाना पटना जंक्शन में कांड संख्या 497/26, दिनांक 4 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है. गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है.
पुलिस पूछताछ के जरिए गिरोह के अन्य सदस्यों और पूर्व में की गयी मोबाइल चोरी की घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
Also Read : एम्बुलेंस की आड़ में नवजात की चोरी का चल रहा था खेल, पटना के चार समेत आठ गिरफ्तार, 3 महिलाएं भी शामिल
