पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज बताया कि प्रदेश में 8064 में से करीब 5000 कब्रिस्तानों की घेराबंदी की गयी है. बिहार विधानसभा में आज किशनगंज जिला के बहादुरगंज विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक मोहम्मद तौसीफ आलम द्वारा पूछे गये एक तारांकित प्रश्न का गृह विभाग के प्रभारी मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव द्वारा दिए जा रहे जवाब के दौरान हस्तक्षेप करते हुए नीतीश ने कहा कि 8064 कब्रिस्तानों में से पांच हजार से थोड़े कम कब्रिस्तानों की घेराबंदी हो चुकी है.
उन्होंने कहा कि हर वर्ष इसके लिए निधि आवंटित किये जाते हैं और इसके लिए निधि की कोई समस्या नहीं है. जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को कब्रिस्तानों की संवेदनशीलता को देखते हुए उसकी घेराबंदी के बारे में तय करना है. प्रतिपक्ष के नेता प्रेम कुमार द्वारा यह पूछे जाने कि वर्ष 2015-16 के दौरान सरकार ने कितने कब्रिस्तानों की घेराबंदी करायी का मुख्यमंत्री ने हालांकि कोई विनिदृष्ट जवाब नहीं दिया पर उनकी इसको लेकर चिंता पर कटाक्ष किया. मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा कि हमसे अलग होने के बाद भी कब्रिस्तान को लेकर आप लोग चिंतित हैं अच्छी बात है.
