पटना : इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन बिहार में त्योहारों के मौसम के दौरान पेट्रोलियम उत्पादों की बढ़ती मांग का पूरा करने के लिए बॉटलिंग क्षमता को लगभग डेढ़ गुना बढ़ाया है. इसके कारण एलपीजी की मांग में लगभग 20 फीसदी तक की कमी आयी है.
इस बात की जानकारी इंडियन ऑयल (बिहार राज्य कार्यालय) की मुख्य प्रबंधक वीणा कुमारी ने शुक्रवार को दी. उन्होंने बताया कि बॉटलिंग संयंत्रों में निर्धारित क्षमता से काफी अधिक कार्य हो रहा है. वर्तमान में बढ़ी हुई बॉटलिंग 2800 मीट्रिक टन है, जो प्रति दिन 1700 मीट्रिक टन की निर्धारित बॉटलिंग क्षमता से 164 फीसदी अधिक है. बढ़ी हुई बॉटलिंग क्षमता के लिए रात की शिफ्ट में अतिरिक्त काम चल रहा है. कुमारी ने बताया कि एलपीजी सिलिंडरों के परिवहन के लिए अतिरिक्त ट्रकों को शामिल किया गया है.
कोइलवर पुल और आरा-छपरा पुल पर यातायात की भीड़ और सड़क की स्थिति के बावजूद सिलिंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है.
सिलिंडरों की हुई वृद्धि : उन्होंने बताया कि एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक है. पिछले एक सप्ताह के दौरान बॉटलिंग संयंत्रों से वितरकों के लिए सिलिंडरों की वृद्धि 13,536 मीट्रिक टन से 26,993 मीट्रिक टन हुई है.
