रजिस्टर्ड होने वाले पैरेंट्स को भेजा जा रहा वीडियो लिंक
पटना : स्टूडेंट व पैरेंट की मदद करने के लिए सीबीएसइ दिल्ली नाम से फेसबुक पेज बनाया गया है. यह पेज स्टूडेंट की विषय से संबंधित समस्याओं को दूर करने के लिए बनाया गया है.
यदि छात्र को किसी विषय से संबंधित समस्या, जिसे समझने में उसे परेशानी आ रही है, तो वह या अभिभावक पेज पर मदद की अपील कर सकते हैं. इसके लिए पैरेंट्स को फोन नंबर और इ-मेल शेयर करना होगा. सीबीएसइ दिल्ली ने फेसबुक पेज पर लिखा है ‘अब आपके बच्चे किसी भी विषय से संबंधित समस्या को वीडियो देख कर आसानी से समझ सकते हैं. स्टूडेंट्स को वीडियो की मदद से सब्जेक्ट को समझाया जायेगा.
समस्याएं शेयर कर रहे अभिभावक : इस पेज पर स्टूडेंट्स अपनी समस्याओं को शेयर कर रहे हैं. इसमें मैथ के सवाल सबसे अधिक पूछे जा रहे हैं और उनका हल सीबीएसइ उनके नंबर या इ-मेल पर भेज रहा है.
वीडियो की भाषा भी सरल है, जिससे स्टूडेंट्स को समझने में परेशानी नहीं हो. कुछ स्टूडेंट पांचवीं की किताब को शेयर करने कह रहे हैं. इसके लिए बोर्ड ने उनका नंबर भी मांगा है. अगर बाजार में कोई किताब नहीं मिल रही है, तो उसका कंटेंट भी बोर्ड उपलब्ध करायेगा. खास तौर पर सभी क्लास के पाठ्यपुस्तकों का पूरा अध्याय भी वीडियो के अनुसार तैयार कर सकते हैं. भेजे गये वीडियो को देखने से पहले आपको किताब भी खोल कर पढ़ना होगा.
एक अभिभावक राम शंकर प्रसाद कहते हैं कि मैंने 10वीं बोर्ड के लिए कंटेंट मांगा है. इससे स्टूडेंट्स को अधिक जानकारी भी मिल सकती है. परीक्षा पैटर्न को भी समझा जा सकता है. वीडियो आया है, उससे विषय को समझने में मदद मिल रही है. परीक्षा की तैयारी के लिए सीबीएसइ के ‘वैलिडेटर एप’ पर भी काफी जानकारी है.
