बेना शाह की बाग मोहल्ले का मामला
पटना सिटी : बाइपास थाना क्षेत्र के चौकशिकारपुर उपरि सेतु के पास शनिवार की सुबह लगभग नौ बजे स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने उपरि सेतु के पास सड़क जाम कर आगजनी की और हंगामा मचाया.
हंगामे पर उतरे महिलाओं व पुरुषों का कहना था कि वार्ड संख्या 61 के बेना शाह की बाग मोहल्ले में दबंगों ने रास्ता रोक दिया है. गैरमजरूआ जमीन में सरकारी नक्शा में रास्ता है, लेकिन दबंग लोग रास्ते को रोक कर बालू भराई का कार्य कर रहे हैं. कच्चा रास्ता है, जिस पर पानी जमा है. इससे आने-जाने में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. कच्चे रास्ते में जमा पानी में होकर लोग आवाजाही कर रहे हैं, जिससे दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं.
रास्ता निर्माण कराने व दबंगों द्वारा लगायी गयी रोक हटाने की मांग पर सड़क पर उतर आयीं रेखा देवी, सुनीता देवी, मीना देवी, प्रेमा देवी, शर्मिला देवी व अंजू देवी समेत दर्जनों की संख्या में पुरुषों व महिलाओं का कहना था कि इस मार्ग से लगभग चार सौ लोग रोज आवाजाही करते हैं. सार्वजनिक रास्ते को मरम्मत करा पक्का कराना चाहते हैं, लेकिन दबंग निजी जमीन बता कर बालू भर उसकी घेराबंदी करने का काम कर रहे हैं. सड़क जाम की सूचना पाकर मौके पर बाइपास, मेहंदीगंज व चौक थानाें की पुलिस पहुंची.
लगभग चार घंटे की मशक्कत के बाद जाम हटवाया. सड़क जाम की वजह से सेतु के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गयी थी. बाइपास थानाध्यक्ष जय किशोर ने बताया कि सड़क पर उतरे लोगों ने इस संबंध में किसी तरह की लिखित शिकायत दर्ज नहीं करायी है. विवाद मेहंदीगंज थाना से जुड़ा है. यहां पर सड़क जाम किया गया था. एसडीओ राजेश रोशन ने बताया कि विवाद सुलझाने का निर्देश अंचलाधिकारी पटना सदर को दिया गया है.
