कुम्हरार : मौसम की तपिश और वोटरों के उत्साह के बीच कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण रहा. छिटपुट इवीएम एवं वीवीपैट की गड़बड़ी को छोड़ दें तो कहीं भी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई. इस शहरी विधानसभा क्षेत्र के वोटर सुबह-शाम तो घर से वोट देने निकले, लेकिन दोपहर में घरों में ही दुबके रहे.
गाड़ियों की लंबी कतार से सजा रहने वाला बाइपास और जीरो माइल सूना दिखा. इक्का-दुक्का गाड़ियां ही इन सड़कों पर दिखी. गायत्री मंदिर के कर्पूरी ठाकुर सामुदायिक भवन में 10.30 बजे ही बूथ खाली हो गये.
संत सेवरीन हाइ स्कूल में सवा घंटा देर से मतदान : सुबह के 7:30 बजे कदमकुआं स्थित संत सेवरीन हाइ स्कूल मतदान केंद्र पर इवीएम मशीन खराब होने की वजह से मतदाताओं की लंबी लाइन लग गयी.
करीब सवा घंटे बाद इवीएम मशीन ठीक हुई. सशक्त मतदान केंद्र में शामिल यह बूथ इसलिए भी खास था, क्योंकि इसी बूथ पर कांग्रेस उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा, उनकी पत्नी पूनम सिन्हा और बेटे लव सिन्हा ने वोट डाला.
कुम्हरार विधानसभा के आर्य कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय नया टोला मतदान केंद्र में सुबह सात से 11 बजे तक भीड़ लगी रही. बूथ नंबर 21 पर एक बुजुर्ग महिला अचानक से गिर गयी. स्कूल में पानी का इंतजाम नहीं होने से महिला के बेटे और बहू बाहर जाकर पानी लेकर आये. सही इंतजाम नहीं होने से लोगो में नाराजगी दिखी.
धूप में लाइन, शाम को सन्नाटा
महेंद्रू स्थित राजकीय मदरसा इस्लामिया शम्सुल होदा, सुलतानगंज स्थित राज्य कुष्ठ निवारण कार्यालय व कमदकुआं विद्या निकेतन में दोपहर 12 बजे तक यहां लंबी कतारें थीं. लोग धूप में भी डटे रहे. तीन बजे तक हर तरफ वाहनों का जाम दिखा, लेकिन शाम होते ही ये तीनों मतदान केंद्र पर सन्नाटा छा गया. छिटपुट मतदाता ही अपना मत करने आ रहे थे.
वहीं, आर्य कुमार रोड स्थित महाराणा प्रताप सामुदायिक भवन में मतदान केंद्र संख्या 30 पर सबसे अधिक महिला व युवाओं में काफी उत्साह देखने को मिला. इसके अलावा त्रिपोलिया स्थित बीएनआर ट्रेनिंग कॉलेज के मतदान केंद्र 267 पर इवीएम खराब होने से तय समय से आधे घंटे देरी से वोट शुरू हुए.
केले ही पहुंचीं 75 वर्षीया नवलखा देवी
द्वारिका कॉलेज के सभी चारों बूथ ऑल वीमेन रहे. इन तमाम बूथों पर मतदानकर्मी से लेकर सुरक्षाकर्मी तक महिलाएं थीं. कॉलेज परिसर में फर्स्ट टाइम वोटर से लेकर बुजुर्ग वोटरों में खासा उत्साह देखा गया. डिफेंस कॉलोनी की 75 वर्षीय नवलखा देवी अकेले ही वोट देने आयी थीं.
देश का पहला चुनाव भी देखने वाली नवलखा देवी ने कहा कि – याद नहीं अब तक कितनी बार वोट किया, लेकिन हमेशा करती हूं और अपने मन से करती हूं. इसी केंद्र पर फर्स्ट टाइम वोटर सुरभि कुमारी ने जाॅब के इश्यू को लेकर जबकि वाणिज्य कॉलेज के छात्र तेजस ने देश के भविष्य को देखते हुए वोट देने की बात कही. हालांकि इस बूथ पर मतदान करने वालों से अधिक भीड़ मतदाता पर्चियां खोजने वालों की थी.
एक कमरे में तीन बूथ से हुई परेशानी
भूतनाथ रोड स्थित आवास बोर्ड के प्रमंडलीय कार्यालय में बनाये गये चार बूथों में से तीन बूथ एक छोटे से कमरे में बने थे. इसकी वजह से मतदानकर्मियों के साथ ही मतदाताओं को भी गर्मी में भारी परेशानी हो रही थी. इन बूथों पर पहले तीन घंटे में 15-16 फीसदी मतदान हुआ था. कुछ ऐसा ही हाल मुन्ना चौक के पोद्दार जंबो किड्स स्कूल के तीन बूथों पर दिखायी दिया. कुम्हरार के मध्य विद्यालय संकुल संसाधन केंद्र में बनाये गये आठ बूथों पर ढाई घंटे में 15-20 फीसदी वोटिंग हुई.
