पटना : नाव मैदान में उतरे प्रतिनिधि संसद में क्षेत्र की आवाज बनने के लिए वोटरों से वोट की गुहार लगाते हैं. क्षेत्र की समस्याओं को संसद के पटल पर रखने के लिए समर्थन मांगते हैं. चुनाव में जनता उसे चुनती है, जो उनकी आवाज को देश की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था तक पहुंचाने का काम करे.
चौथे चरण में 29 अप्रैल को उजियारपुर, दरभंगा, समस्तीपुर सुरक्षित, मुंगेर व बेगूसराय में वहां के वोटर अपने प्रतिनिधि को चुनेंगे. 16वीं लोकसभा में इन क्षेत्रों से जीत कर संसद पहुंचने वाले सांसदों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को रखा था.
जनसरोकार के मुद्दे पर सवाल पूछने में समस्तीपुर सुरक्षित सीट से लोजपा के सांसद रामचंद्र पासवान मात्र तीन सवाल पूछ पाये. वहीं, दरभंगा से भाजपा सांसद कीर्ति झा आजाद 464 समस्याओं को संसद में उठाया था. हालांकि, इस बार दरभंगा में जनता के बीच कीर्ति झा आजाद नहीं हैं. वे झारखंड में धनबाद से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं. एडीआर की रिपोर्ट में सांसदों के संसद में उनकी उपस्थिति व सवाल उठाये जाने की रिपोर्ट से यह खुलासा हुआ है.
भोला बाबू ने रखी थीं क्षेत्र की समस्याएं
बेगूसराय से सांसद भाजपा के भोला सिंह (अब नहीं रहे) ने क्षेत्र की 191 मुद्दों को सदन के पटल पर रखा था.संसद सत्र में उनकी उपस्थिति 297 दिन रही.
इस बार वहां से भाजपा के गिरिराज सिंह, राजद के तनवीर हसन व भाकपा के कन्हैया कुमार के बीच त्रिकोणात्मक संघर्ष है. अब चुनाव में देखना है कि जनता किसे क्षेत्र की समस्याओं को संसद में उठाने के लिए चयन करती है. मुंगेर से लोजपा की सांसद वीणा देवी ने संसद में क्षेत्र की समस्याओं से जुड़े 209 सवाल उठाये. सदन में उनकी उपस्थिति 292 दिनों की रही. इस बार चुनाव में उन्हें मौका नहीं मिला है.
मुंगेर में जदयू के राजीव रंजन सिंह का मुकाबला कांग्रेस की नीलम देवी से है. समस्तीपुर से लोजपा सांसद रामचंद्र पासवान की उपस्थिति 248 िदन रही. उन्होंने मात्र तीन सवाल उठाये. इस बार फिर से वे चुनाव मैदान में हैं. उजियारपुर से भाजपा सांसद नित्यानंद राय 141 सवाल पूछे.
उनकी उपस्थिति 218 दिन रही. उनका मुकाबला पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री उपेंद्र कुशवाहा से है. दरभंगा से भाजपा सांसद कीर्ति झा आजाद ने क्षेत्र से जुड़े 464 सवाल उठाये. सदन में उनकी उपस्थिति 297 दिन रही. दरभंगा में भाजपा के गोपालजी ठाकुर व राजद के अब्दुल बारी सिद्दीकी के बीच इस बार टक्कर है.
