पटना : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार आने और चुनावी सभा को संबोधित करने के ट्वीट पर राजद नेता तेजस्वी यादव ने हमला बोला है. तेजस्वी यादव ने पिछली लोकसभा चुनाव के दौरान किये गये उनके वादों का वीडियो क्लिप जारी करते हुए जवाब मांगा है.
तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर कहा है कि ‘आपने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा, विशेष पैकेज और विशेष ध्यान देने की बात कही थी.’ साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री से जवाब मांगा है. मालूम हो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को बिहार के जमुई और गया में चुनावी सभा को संबोधित करनेवाले हैं.
तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर कहा है कि ‘याद कीजिए कि आपने 2014 (लोकसभा चुनाव) और 2015 (विधानसभा चुनाव) में बिहार के लोगों और बिहार के लोगों के साथ क्या वादा किया था.’ उन्होंने ट्वीट कर कहा ’27 मार्च, 2014 यानी आज से ठीक पांच साल पहले ये जनाब आज जहां रैली करने आ रहे हैं, उसी गया के उसी मैदान में कितनी लंबी फेंक कर गये थे. सुनिए तो जरा! इतना पानी ला रहे थे कि बिहार ही नहीं झारखंड भी डूब-डूब कर तर-बतर हो रहा था.’
