मसौढ़ी : डीआरएम के सैलून से हादसा होने का ग्रामीणों ने लगाया आरोप

नदौल और जट डुमरी हॉल्ट की घटना, यात्री परेशान डीआरएम ने किया आरोपों से इन्कार मसौढ़ी : बंधुआ (गया) से लौटने के दौरान डीआरएम के गरूर स्पेशल से गुरुवार की देर शाम नदौल व जट डुमरी हाल्ट पर पर दो यात्रियों की कटकर हुई मौत के खिलाफ ग्रामीणों ने नदौल व जट डुमरी हॉल्ट पर […]

नदौल और जट डुमरी हॉल्ट की घटना, यात्री परेशान
डीआरएम ने किया आरोपों से इन्कार
मसौढ़ी : बंधुआ (गया) से लौटने के दौरान डीआरएम के गरूर स्पेशल से गुरुवार की देर शाम नदौल व जट डुमरी हाल्ट पर पर दो यात्रियों की कटकर हुई मौत के खिलाफ ग्रामीणों ने नदौल व जट डुमरी हॉल्ट पर जमकर हंगामा किया. नदौल स्टेशन पर 3243 अप इंटरसिटी एक्सप्रेस व 53214 डाउन सवारी गाड़ी पर ग्रामीणों ने जमकर पथराव किया.
इस कारण 53214 डाउन सवारी गाड़ी नदौल स्टेशन पर करीब पौन घंटे खड़ी रही. इधर सूचना पाकर नदौल स्टेशन पहुंची जीआरपी ने किसी तरह ग्रामीणों को शांत कराया. इसके बाद ही 53214 डाउन सवारी गाड़ी तारेगना के लिए रवाना हुई. इधर, डीआरएम ने अपनी सैलून से दो यात्रियों के कटने की घटना से इन्कार किया है.
मिली जानकारी के मुताबिक डीआरएम गुरुवार की देर शाम बंधुआ से अपनी गरूर स्पेशल से पटना लौट रहे थे. इसी दौरान नदौल स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पार कर घर जा रहे थाना के मटौढ़ा गांव के नागा साव (52) गरूर एक्सप्रेस की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गयी.
इधर 63255 अप सवारी गाड़ी से जट डुमरी हॉल्ट पर उतरकर रेलवे ट्रैक पार कर घर जाने के दौरान पिपरा थाना के बसियावां गांव का बैजनाथ पांडेय उर्फ अप्पू तेज गति से पटना जा रहे गरूर स्पेशल के झटके से काफी दूर फेंका गया , जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी.
इधर, इससे गुस्साये ग्रामीणों ने नदौल स्टेशन पर पहुंची 3243 अप इंटरसिटी एक्सप्रेस का हौज पाइप काट दिया और उसी वक्त नदौल स्टेशन पर पहुंची 53214 डाउन सवारी गाड़ी पर जमकर पथराव किया. इससे नदौल स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गयी और 53214 डाउन सवारी गाड़ी नदौल स्टेशन पर ही करीब पौन घंटे खडी रही. सूचना पाकर मौके पर पहुंची जीआरपी व पुलिस ने किसी प्रकार ग्रामीणों को शांत कराया. इसके बाद ही 53214 डाउन सवारी गाड़ी तारेगना स्टेशन के लिए रवाना हुई. उधर, जट डुमरी हॉल्ट पर यात्रियों ने केबिन मैन के साथ गाली- गलौज व मारपीट की. जट डुमरी हाल्ट ट्रैक व पास स्थित एनएच-83 पर टायर जला हंगामा किया.
कार्यालय में ही था : डीआरएम
डीआरएम रंजन प्रकाश ठाकुर ने अपने गरूर स्पेशल से किसी यात्री के कटकर हुई मौत से इन्कार किया है. इस बाबत उन्होंने बताया कि वे गुरुवार को अपने कार्यालय में ही थे और उनकी सैलून गरूर स्पेशल का कोई मूवमेंट नहीं हुआ है. हालांकि उन्होंने यह भी बताया कि किसी भी ट्रेन का अपना रास्ता होता है और लोगों को समझ -बुझकर रेलवे ट्रैक से आना- जाना चाहिए.
मसौढ़ी . दो यात्रियों की ट्रेन से कटकर हुई मौत के बाद नदौल व जट डुमरी हॉल्ट पर ग्रामीणों द्वारा किए गये हंगामे के बाद पीजी खंड पर ट्रेनों का परिचालन घंटों बाधित रहा.
इस दौरान 63256 डाउन सवारी गाड़ी जहानाबाद स्टेशन पर, 63258 डाउन सवारी गाड़ी टेहटा स्टेशन पर व 13348 अप पलामू एक्सप्रेस तारेगना स्टेशन पर खड़ी रही. इधर, 63257 अप सवारी गाड़ी डुमरी हाल्ट के पहले व 53214 डाउन सवारी गाड़ी पोठही स्टेशन पर समाचार लिखे जाने तक खड़ी थी. पलामू एक्सप्रेस के यात्रियों के अपनी बोगी की खि‍ड़कियां बंद कर लेने की हिदायती उद्घोषणा के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गयी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >