पटना : इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आइएमए) के फैसले पर आइएमए एकेएन सिन्हा इंस्टीट्यूट ने बेसिक लाइफ सपोर्ट कोर्स शुरू किया है.
सोमवार को गांधी मैदान के समीप स्थित आइएमए बिल्डिंग सभागार में आयोजित समारोह को स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार और आइएमए के राष्ट्रीय अध्यक्ष शांतनु सेन ने संयुक्त रूप से उद्घाटन किया.
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए आइएमए एकेएन सिन्हा इंस्टीट्यूट के राष्ट्रीय कार्यपालक सचिव व आइएमए बिहार के वरीय उपाध्यक्ष डॉ अजय कुमार ने कहा कि दुर्घटनाओं व हार्ट अटैक की स्थिति में बेसिक लाइफ सपोर्ट के अभाव में 40 प्रतिशत लोगों को बचा नहीं पाते हैं.
इस कोर्स के जरिये एंबुलेंस पर कार्यरत कर्मियों को प्रशिक्षण किया जायेगा, जो आपात स्थिति में बेसिक लाइफ सपोर्ट देने में समक्ष होंगे. इस कोर्स की शुरुआत बिहार से की गयी हैं. लेकिन, पूरे देश में विस्तार किया जायेगा.
एसीएलएम के साथ-साथ अन्य कोर्स की भी शुरुआत की जायेगी :
आइएमए के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद शांतनु सेन ने कहा कि आइएमए एकेएन सिन्हा इंस्टीट्यूट को डिम्ड यूनिवर्सिटी के रूप में विकसित करना है. फिलहाल, बेसिक लाइफ सपोर्ट कोर्स की शुरुआत की गयी है. इसके बाद एसीएलएम के साथ-साथ अन्य कोर्स की भी शुरुआत की जायेगी.
सरकार से अनुरोध करते हुए कहा कि संस्थान के लिए पटना में कहीं जमीन दें. ताकि, शीघ्र यूनिवर्सिटी के रूप में विकसित किया जा सके. निदेशक डॉ परमजीत सिंह ने कहा कि बिहार के बाद पंजाब, दिल्ली व अन्य राज्यों में शीघ्र बेसिक लाइफ सपोर्ट कोर्स की शुरुआत की जायेगी. साथ ही सितंबर माह से एकेएन सिन्हा के नाम से नेशनल अवार्ड घोषित किया जायेगा.
