पटना एसएसपी का पदभार आज ग्रहण करेंगी गरिमा मल्लिक
पटना : पटना जिला की नयी एसएसपी गरिमा मल्लिक के पदभार ग्रहण करने के बाद उनके सामने कई चुनौतियां होंगी. पटना पुलिस व अपराधियों के बीच हुए मुठभेड़ के बाद कांस्टेबल मुकेश कुमार के शहीद होने के मामले में आरोपित उज्ज्वल फरार है.
उज्ज्वल की गिरफ्तारी नये एसएसपी के लिए एक बड़ी चुनौती है. इसके अलावा नौबतपुर, विक्रम, बिहटा के कुख्यात मनोज सिंह व उसके बेटे माणिक सिंह की गिरफ्तारी भी आवश्यक है. फरारी में ही इन लोगों ने कई व्यवसायियों से रंगदारी मांग कर अपनी मौजूदगी को बरकरार रखा है.
चेन व मोबाइल स्नैचर पर लगाम : शहर में पूर्व नियोजित क्राइम पर तो लगाम लगी है. लेकिन शहर में चेन स्नैचर व मोबाइल स्नेचर सक्रिय है. स्नैचरों का गिरोह नहीं पकड़ा जा रहा है और हर थाने में इस तरह के एक-दो मामले प्रतिदिन पहुंच रहे हैं.
नये एसएसपी को इन चेन व बाइक स्नैचरों पर भी लगाम लगाना एक चुनौती है. बाइक चोरी, घरों में चाेरी की घटनाएं नहीं रुक नहीं रही है. कई पुराने केस अब भी हैं अनसुलझे : दो अक्तूबर 2013 को पाटलिपुत्र इलाके में कैसेट किंग नाम से प्रसिद्ध रामजी प्रसाद गुप्ता की उनके घर के पास ही अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी थी. इस केस में एक भी अपराधी की गिरफ्तारी नहीं हो पायी.
गांधी मैदान थाना क्षेत्र के पीरमुहानी इलाके से एक सात साल के बच्ची का 28 अगस्त 2014 का अपहरण हुआ था और उसकी हत्या कर शव काे बहादुरपुर नाले में फेंक दिया गया था. लेकिन गिरफ्तारी नहीं हो पायी है.
n शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के एजी कॉलोनी में 24 जनवरी 2015 में अपराधियों ने पांच वर्षीय मासूम पूजा कुमारी की उसके घर के पास ही गला रेत कर हत्या कर दी थी. जिस समय यह घटना हुई उस समय उसके पिता अल्लाह साव व मां किसी काम से घर से बाहर थी. यह केस भी अनसुलझा है.
पटना . एसएसपी मनु महाराज ने गुरुवार को सिटी एसपी मध्य अमरकेश डी को प्रभार सौंप दिया. फिलहाल अमरकेश डी ही एसएसपी के प्रभार में हैं. इसके साथ ही पटना जिले की नयी एसएसपी गरिमा मल्लिक शुक्रवार को पदभार ग्रहण करेंगी. इधर पटना पुलिस लाइन में पटना पुलिस मेंस एसोसिएशन की ओर से डीआईजी मुंगेर प्रक्षेत्र मनु महाराज का विदाई समाराेह आयोजित किया गया.
इस दौरान उनके साथ तमाम सिटी एसपी, डीएसपी व थानाध्यक्ष मौजूद थे. पुलिस लाइन में एसएसपी को फूल माला से लाद दिया गया. इस दौरान एसएसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को धन्यवाद दिया. मौके पर पुलिस मेंस एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ ही सैकड़ों की संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद थे.
पटना : एसएसपी पटना के बोर्ड पर बिहार कैडर की 2006 बैच की आईपीएस गरिमा मलिक का नाम भले ही 55वें स्थान पर है. मगर, आजादी के बाद महिला एसएसपी की फेहरिस्त तैयार की जाये तो उनका नाम इस सूची में दूसरे स्थान पर आयेगा. पटना की पहली महिला एसएसपी होने का गौरव आर मलार विजि को हासिल है. वह यहां की 43वीं एसएसपी थीं.
गरिमा मल्लिक इसके पहले गया और दरभंगा की एसएसपी रह चुकी हैं. वहीं, 1995 बैच की आईपीएस आर मलार विजि ने 18 फरवरी से 27 जुलाई, 2009 तक इस जिम्मेदारी को बखूबी संभाला. वर्तमान में वह केंद्र में बतौर आईजी अपनी सेवाएं दे रही हैं. बिहार सरकार के एजेंडा में महिला सशक्तिकरण सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है.
महिला आईपीएस की तैनाती में यह आदर्श रूप से दिखता भी है. कई आईपीएस हैं जिनको लंबे समय से फील्ड में तैनाती दी जा रही है. 2008 बैच की आईपीएस नताशा गुडिया बीएमपी दो और महिला बटालियन की कमांडेंट हैं. हरपीत कौर एसपी समस्तीपुर, मीनू कुमार एसपी खगड़िया, डीएस सेल्वाराम एसपी अररिया स्वप्ना मेश्राम एसपी बांका की जिम्मेदारी संभाल रही हैं.
2014 बैच की आईपीएस निधि रानी एसपी नवगछिया के रूप में नारी शक्ति का लोहा मनवा रही हैं. इनके अलावा 2006 बैच की महिला अधिकारी रणसिह साहू पुलिस मुख्यालय में एसपी कमजोर वर्ग के पद पर तैनात हैं.
