पटना : बिहार की राजधानी पटना में सोमवार को दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की महत्वपूर्ण ब्रीफिंग बैठक के दौरान कई पुलिस अधिकारी सोते नजर आए थें. इस पर पटना के डीआईजी (सेंट्रल रेंज) राजेश कुमार ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा जो पुलिस वाले सो रहे थे वे नाइट ड्यूटी कर के आये थे. वे लगातार 24 घंटों से सोये नहीं थे. ये उनका दोष नहीं है. वे सचेत थे, लेकिन हो सकता है दो-तीन मिनट के लिए झपकी ले ली हो. आखिरकार वे भी इंसान ही हैं.
गौरतलब हो कि सोमवार को पटना में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण ब्रीफिंग आयोजित की गयी थी. राजधानी के बापू सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में पटना के कमिश्नर, डीआईजी से लेकर एसएसपी और सभी सिटी एसपी मौजूद थे. इस बैठक में त्योहारी सीजन में पटना में लॉ एंड ऑर्डर को बनाये रखने पर चर्चा होनी थी. मगर इतनी महत्वपूर्ण बैठक में कई पुलिस वाले सरेआम सोते नजर आये. पटना की सोती हुई पुलिस का वीडियो कैमरे में कैद हो गया. जो जल्दी ही वायरल हो गया. वीडियो में कई पुलिस वाले खर्राटा भरते नजर आ रहे हैं.
