पटना . शहर में बेहतर यातायात के लिए फ्लाईओवरों का जाल फैलाया जा रहा है. कई प्रोजेक्ट पूरे भी हो चुके हैं, जबकि कई पर काम चल रहे हैं. इसके अलावा कुछ प्रोजेक्ट ऐसे भी हैं, जो वर्षों से लटके हैं. अब भले ही ये प्रोजेक्ट पूरा होकर लोगों को सुकून देने वाले बने, लेकिन इन चल रहे प्रोजेक्टों से लोगों को बहुत परेशानी हो रही है.
कई जगहों पर फ्लाईओवर निर्माण के लिए बीच में बैरिकेडिंग कर दी गयी है और दोनों तरफ सर्विस लेन बना दिया गया है. अब चल रहे निर्माण के कारण ये सर्विस लेन कई जगहों पर गड्ढों में बदल चुके हैं. जिसमें बारिश का पानी भर गया है और प्रतिदिन इसमें छोटी बड़ी दर्जनों दुर्घटनाएं हो रही हैं. खास कर मीठापुर फ्लाईओवर व अार ब्लॉक सर्विस लेन की स्थिति काफी खराब है. ऐसे में भले ही ये प्रोजेक्ट भविष्य में सुकून देने वाले हों, लेकिन इसके कारण अभी हादसे की सर्विस लेन बन गयी है.
आर ब्लॉक: यहां भी खोद कर छोड़ा गया है पाइलिंग का गड्ढा
फ्लाईओवर निर्माण के कारण आर ब्लॉक के पास भी सड़क का हाल बुरा है. जीपीओ गोलंबर जाने के रास्ते में वहां भी पुल का पाया निर्माण के लिए पाइलिंग कर गड्ढा खोद कर छोड़ दिया गया है. अगर उसमें भी बारिश के बाद कहीं से पानी भर जाता है, तो वहां भी सड़क धंसने की घटना हो सकती है. इसके अलावा जीपीओ गोलंबर की तरफ कई जगहों पर सर्विस लेन में गड्ढे बने हुए है. जिसमें पानी भर गया है. बारिश के बाद यहां भी दुर्घटनाएं हो रही हैं.
