पटना : बुद्धा कॉलोनी थाने के लोदीपुर इलाके में एक सब इंस्पेक्टर की भतीजी के साथ छात्र राजीव कुमार ने दिनदहाड़े छेड़खानी की घटना को अंजाम दिया. छात्रा ने हल्ला मचा दिया और लोगों ने छात्र को पकड़ कर जम कर पिटाई कर दी. इसके बाद उसे बुद्धा कॉलोनी पुलिस के हवाले कर दिया गया है. छात्र पूर्व में भी छेड़खानी की घटना को अंजाम दे चुका है. छात्र व छात्रा एक ही कोचिंग में साथ-साथ पढ़ते थे.
कुछ दिनों पहले छात्र ने छेड़खानी की थी, तो छात्रा ने कोचिंग प्रशासन से शिकायत की थी. इसके बाद उसे कोचिंग से निकाल दिया गया. लेकिन उसने अपनी हरकतें नहीं छोड़ी और सोमवार को वह छात्रा का पीछा करते हुए लोदीपुर स्थित आवास के समीप पहुंच गया. जहां छात्रा को उसने अपशब्द कहा और उसका हाथ पकड़ लिया. इसके बाद छात्रा ने हल्ला मचा दिया. बीच सड़क पर हंगामा होते देख कर स्थानीय लोग जुट गये. इस पर छात्रा ने पूरे मामले की जानकारी लोगों को दी.
