महिला को सीनियर डीसीएम ने धक्का देकर ट्रेन से उतारा
पटना : मोकामा रेलवे स्टेशन पर टिकट चेकिंग करने पहुंचे सीनियर डीसीएम पर एक महिला ने अभद्रता करके ट्रेन से उतारने का आरोप लगाया है. महिला ने आरोप लगाया है कि रेलवे अधिकारी ने उसके शरीर के विशेष हिस्से में धक्का देकर ट्रेन से नीचे उतार दिया. बात यहीं खत्म नहीं हुई. अपनी अभद्रता से […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
पटना : मोकामा रेलवे स्टेशन पर टिकट चेकिंग करने पहुंचे सीनियर डीसीएम पर एक महिला ने अभद्रता करके ट्रेन से उतारने का आरोप लगाया है. महिला ने आरोप लगाया है कि रेलवे अधिकारी ने उसके शरीर के विशेष हिस्से में धक्का देकर ट्रेन से नीचे उतार दिया. बात यहीं खत्म नहीं हुई. अपनी अभद्रता से नाराज महिला यात्री दूसरी बोगी में चढ़ गयी. पुन: उसी महिला यात्री को एक टीटीई ने पटना जंक्शन पर लात मार कर प्लेटफॉर्म पर गिरा दिया. महिला के कपड़े भी फट गये.
महिला ने जंक्शन जीआरपी में सीनियर डीसीएम विनीत कुमार सहित सात अज्ञात टीटीई के खिलाफ अभद्र व्यवहार, छेड़छाड़ और मारपीट की लिखित शिकायत दर्ज करायी है.
बेगूसराय से पटना जा रही थी महिला : सहरसा से पटना आने वाली राज्यरानी एक्सप्रेस बेगूसराय स्टेशन पहुंची, तो एक महिला यात्री बिना टिकट एसी डिब्बे में सवार हो गयी. दानापुर रेलमंडल के सीनियर डीसीएम विनीत कुमार ने महिला यात्री को अभद्रता पूर्वक धक्का देकर ट्रेन से उतार दिया. ढाई साल का एक बच्चा लिये महिला ने दूसरे डिब्बे में चढ़ने की कोशिश की, तो फिर अभद्र व्यवहार किया गया. बावजूद महिला यात्री ट्रेन में सवार होकर पटना जंक्शन पहुंची.
पटना जंक्शन पर सीनियर डीसीएम के साथ चल रहे एक व्यक्ति मोबाइल से महिला का वीडियो बनाने की काेशिश की. महिला ने वीडियो बंद कराने की कोशिश की, तो मोबाइल नीचे गिर गया.
जुर्माना रसीद होने के बावजूद किया अभद्र व्यवहार
महिला रेलयात्री ने जंक्शन जीआरपी से लिखित शिकायत में कहा है कि बेगूसराय में सवार होते ही एक टीटीई पहुंचे, जिन्हें तीन यात्रियों के लिए 975 रुपये जुर्माना राशि दिया. जुर्माना राशि की रसीद भी मेरे पास थी.
पहले भी सीनियर डीसीएम के खिलाफ दर्ज है प्राथमिकी
सीनियर डीसीएम विनीत कुमार के खिलाफ अभद्र व्यवहार और छेड़खानी का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले पाटलिपुत्र जंक्शन पर कार्यरत महिला बुकिंग क्लर्क महिला थाने में विनीत कुमार के खिलाफ छेड़खानी और हाल ही में एक रेलकर्मी ने भी सीनियर डीसीएम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है.
नियम को रखा ताक पर : रेलवे बोर्ड की गाइडलाइन के अनुसार कोई महिला यात्री बेटिकट यात्रा कर रही है, तो जुर्माना राशि वसूल करनी है. अगर जुर्माना राशि देने में महिला यात्री सक्षम नहीं है, तो बड़े स्टेशनों पर महिला को ट्रेन से उतारने का प्रावधान है.
क्या कहते हैं अधिकारी
महिला रेल यात्री ने सीनियर डीसीएम के खिलाफ लिखित शिकायत जंक्शन जीआरपी को दी है. दूसरे पक्ष ने भी शिकायत की है. महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए रेल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. हेड क्वार्टर डीएसपी हरीश शर्मा को जांच की जिम्मेवारी दी गयी है.