पटना : राज्य में लोकसभा की एक और विधानसभा की रिक्त दो सीटों पर उप चुनाव की तैयारी शुरू हो चुकी है. अररिया लोकसभा के साथ कैमूर और जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र के लिए उप चुनाव कराया जाना है. मार्च में होनेवाले उपचुनाव में भाजपा के खाते में एक लोकसभा और एक विधानसभा की सीट मिल सकती है, जबकि एक सीट जदयू के खाते में जायेगी.
इधर, राजद भी उपचुनाव की तैयारियों में जुट गया है. यह उम्मीद की जा रही है कि तेजस्वी प्रसाद यादव न्याययात्रा के दौरान अररिया लोकसभा सीट पर अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दें. अररिया लोकसभा क्षेत्र की सीट राजद के सांसद तसलीमुद्दीन के निधन से रिक्त हो गयी है. इसी तरह कैमूर से निर्वाचित भाजपा विधायक आनंदभूषण पांडेय के निधन, जबकि जहानाबाद से राजद के निर्वाचित विधायक मुंद्रिका सिंह यादव के निधन से सीटें रिक्त हैं.
इन तीन सीटों में अररिया लोकसभा और कैमूर विधानसभा की सीट के लिए भाजपा दावेदारी पेश कर सकती है. भभुआ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के निर्वाचित विधायक का निधन हुआ है. हालांकि भभुआ विधानसभा की सीट पर जदयू उम्मीदवार डॉ प्रमोद कुमार सिंह दूसरे स्थान पर रहे थे.
महागठबंधन में भी यह सीट जदयू के खाते में आयी थी. इधर जदयू जहानाबाद की रिक्त सीट पर अपनी दावेदारी पक्का करेगा. हालांकि उपचुनाव को लेकर सीटों का अब तक कोई आधिकारिक बंटवारा नहीं हुआ है.राजद-कांग्रेस गठबंधन में राजद तीनों सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने की तैयारी में है. दो सीटों पर उसके सीटिंग सांसद व विधायक थे.
