नयी दिल्ली/पटना : राजस्थान उपचुनाव में भाजपा को मिली करारी हार पर प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों और योजनाओं को कटघरे में खड़ा करनेपर केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो ने शनिवार को सांसद शत्रुघ्न सिन्हा पर पलटवार किया है. उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि अगर पार्टी से इतनी नफरत है, तो आप तीन तलाक देकरभाजपा से नाता तोड़ लें. दरअसल, शत्रुघ्न सिन्हा ने राजस्थान उपचुनाव के नतीजों को लेकर भाजपा और मोदी पर निशाना साधा था.
शत्रुघ्न सिन्हा ने शुक्रवार को ट्वीट करते हुए लिखा था कि सत्तारूढ़ पार्टी के लिए ब्रेकिंग न्यूज-भाजपा को ‘तीन तलाक’ देनेवाला राजस्थान पहला राज्य बन गया है. अजमेर-तलाक, अलवर-तलाक, मांडलगढ़-तलाक. हमारी पार्टी को झटका देते हुए हमारे विरोधियों ने रिकॉर्ड अंतर से चुनावों में जीत दर्ज की है.
इसी पर पलटवार करते हुए बाबुल सुप्रियो ने कहा, शत्रुघ्न सिन्हाजी को बोलता हूं कि आपको पार्टी से इतनी नफरत है तो क्यों रोज आकर संसद में बैठते हैं? क्यों ऐसे हालात पैदा करते हैं कि दूसरों को बोलना पड़े ‘खामोश’. ड्रेसिंग रूम की बात वहीं रहनी चाहिए. आप तीन तलाक दीजिये और खुद छोड़ दीजिये भाजपा.
दरअसल,शत्रुघ्न सिन्हा मोदी सरकार पर हमले का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं. इससे पहले नरेंद्र मोदी सरकार से संबंधित मुद्दे उठानेवाले एक ‘गैर राजनीतिक मंच’ राष्ट्र मंच के सदस्य के रूप में शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में उनके साथ सौतेले बेटे जैसा व्यवहार हुआ. उन्हें भाजपा में दबाब महसूस होता था. अब उन्हें मुक्ति का अहसास हो रहा है. इसमें शामिल होने के बाद मैं देश की भलाई के लिए अपने विचार स्वतंत्र होकर व्यक्त कर सकता हूं. मैं बता नहीं सकता कि मैं कितना मुक्त महसूस कर रहा हूं. खुली हवा में सांस लेने का मजा ही कुछ और है. राष्ट्र मंच का गठन पूर्व वित्त मंत्री और भाजपा नेता यशवंत सिन्हा ने किया है और शत्रुघ्न सिन्हा यशवंत सिन्हा के बड़ समर्थक माने जाते हैं. यशवंत सिन्हा भी मोदी सरकार पर हमला बोलने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं.
