मोटा मुनाफा का झांसा देकर 14 बार में खाते में डलवाये 11.97 लाख, पैसे निकालने गया तो मांगे 30 लाख

ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटी कमाई का लालच देकर साइबर ठगों ने पटना के एक युवक से 11.97 लाख रुपये ठग लिए. शुरुआत में कम पैसे निवेश करवाए, फिर मुनाफे का भरोसा देकर बड़ी रकम ऐंठ ली.

Cyber ​​fraud in Patna : राजधानी पटना में ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने पटना के एक युवक से 11.97 लाख रुपये ठग लिये. ठगों ने पहले युवक को व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ा और कम समय में अधिक मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया. इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा करायी गयी. ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पटना साइबर थाना में आवेदन देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई और रकम बरामद कराने की मांग की है.

14 लेन-देन में जमा कराये 11.97 लाख

पीड़ित के आवेदन के अनुसार ठगों ने शुरुआत में उससे कम राशि निवेश करायी. इसके बाद मुनाफे का लालच देकर लगातार रकम जमा करने के लिए कहा गया. 21 अगस्त से 11 सितंबर 2026 के बीच पीड़ित ने 14 अलग-अलग लेन-देन में कुल 11,97,360 रुपये विभिन्न बैंक खातों में भेजे.

रकम जमा करने के बाद ठगों ने ऑनलाइन खाते में मुनाफा बढ़ता हुआ दिखाया. इससे पीड़ित को निवेश पर वास्तविक लाभ होने का भरोसा बना रहा और वह लगातार रकम जमा करता रहा.

रकम निकालने लगा तो मांगे 30 लाख और

जब पीड़ित ने ऑनलाइन खाते में दिखाई जा रही रकम निकालने की कोशिश की, तो साइबर ठगों ने शुल्क और अन्य भुगतान के नाम पर अतिरिक्त पैसे की मांग शुरू कर दी. इसके बाद करीब 30 लाख रुपये और जमा करने को कहा गया. इतनी बड़ी रकम की मांग होने पर पीड़ित को पूरे मामले पर संदेह हुआ और उसे साइबर ठगी का एहसास हुआ.

मोबाइल और बैंक खातों की जांच की मांग

पीड़ित ने साइबर थाना पुलिस से ठगों द्वारा इस्तेमाल किये गये मोबाइल नंबर, व्हाट्सऐप और टेलीग्राम खातों की जांच कराने की मांग की है. साथ ही जिन बैंक खातों में रकम भेजी गयी है, उन्हें फ्रीज कराने और ठगी की राशि बरामद कराने का अनुरोध किया है. आवेदन के साथ पीड़ित ने साइबर ठगों से हुई चैट के स्क्रीनशॉट और बैंक लेन-देन का विवरण भी पुलिस को उपलब्ध कराया है. साइबर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आनंद सिंह कौशिक

आनंद सिंह कौशिक बीते 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. रेलवे, मेट्रो, इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी खबरों पर विशेष रिपोर्टिंग करते हैं. साथ में पटना समेत बिहार के अपराध और राजनीतिक खबरों में भी रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >