पटना जंक्शन को जाम से मिलेगी मुक्ति, बुद्ध स्मृति पार्क के पास बना नया वेंडिंग जोन

Patna News: राजधानी पटना में बुद्ध स्मृति पार्क के पास मल्टीलेवल पार्किंग के सामने नया वेंडिंग जोन विकसित किया गया है, जिसे “क्रिस्पी कॉर्नर” नाम दिया गया है. पहले यह इलाका अव्यवस्थित कबाड़ी और छोटी दुकानों से घिरा था, लेकिन अब इसे व्यवस्थित बाजार के रूप में विकसित किया गया है.

Patna News: पटना जंक्शन और महावीर मंदिर के आसपास लगने वाले खानपान के ठेलों और अतिक्रमण से अब शहरवासियों को बड़ी राहत मिलने वाली है. पटना नगर निगम ने बुद्ध स्मृति पार्क के ठीक सामने स्थित मल्टीलेवल पार्किंग के पास एक आधुनिक वेंडिंग जोन विकसित किया है, जिसे बेहद आकर्षक नाम ‘क्रिस्पी कॉर्नर’ दिया गया है.

यह नया ठिकाना न केवल सड़कों को साफ-सुथरा बनाएगा, बल्कि फूड लवर्स के लिए एक सुरक्षित और सुंदर ‘स्ट्रीट फूड हब’ के रूप में उभरेगा.

12 हजार वर्गफीट में बदला नजारा

जिस जगह पर कभी कबाड़ की दुकानें और बेतरतीब गंदगी का अंबार लगा रहता था, उसे नगर निगम ने कायाकल्प कर एक खूबसूरत परिसर में बदल दिया है. लगभग 12,500 वर्गफीट के इस विशाल क्षेत्र को दो मुख्य भागों में बांटा गया है. इसके बड़े हिस्से में पटना के मशहूर जायकेदार खानपान के ठेले सजेंगे, जबकि छोटे हिस्से में इलेक्ट्रॉनिक सामान बेचने वाले वेंडर्स को जगह दी जाएगी.

पेवर ब्लॉक और पर्याप्त रोशनी के इंतजाम के साथ अब यहां जलजमाव या फिसलन जैसी समस्या नहीं होगी, जिससे ग्राहकों का अनुभव और भी बेहतर होगा.

स्टेशन गोलंबर से हटेगा अतिक्रमण, दुकानदार होंगे शिफ्ट

नगर आयुक्त यशपाल मीणा के निर्देशानुसार, अगले एक से दो दिनों के भीतर स्टेशन गोलंबर और महावीर मंदिर से मस्जिद के बीच लगने वाले लगभग 100 ठेलों को यहां शिफ्ट कर दिया जाएगा. नूतन राजधानी अंचल के अधिकारियों ने निरीक्षण कर स्थानीय दुकानदारों को समझा दिया है कि इस कदम से न तो उनका रोजगार प्रभावित होगा और न ही उन्हें पुलिस की कार्रवाई का डर रहेगा.

पहले चरण में खाने-पीने की दुकानों को प्राथमिकता दी जा रही है, वहीं फुटपाथ पर कपड़ा बेचने वाले विक्रेताओं को भी यहां जगह देने पर गंभीरता से विचार चल रहा है.

दीघा गोलंबर पर भी वेंडिंग जोन की तैयारी

पटना नगर निगम की यह मुहिम केवल स्टेशन तक सीमित नहीं है. जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव) के आसपास से हटाए गए दुकानदारों के लिए दीघा गोलंबर के पास भी एक नया वेंडिंग जोन विकसित किया जा रहा है.

पिछले कुछ दिनों से विरोध प्रदर्शन कर रहे दुकानदारों को समझाने के बाद अब वहां मिट्टी भरने और जमीन समतल करने का काम शुरू हो गया है. जल्द ही दीघा का इलाका भी व्यवस्थित वेंडिंग जोन से लैस होगा, जिससे मरीन ड्राइव पर आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी.

Also Read: बिहार में फार्मर रजिस्ट्री का 50 प्रतिशत टारगेट पूरा, किन-किन जिलों में हुआ बेहतर काम?

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >