गांधी मैदान से सोनपुर-हाजीपुर तक दौड़ेंगी ई-बसें, जानें पूरा रूट प्लान

Patna News: पटना में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को मजबूत करने के लिए बिहार परिवहन विभाग की योजना के तहत जल्द ही इलेक्ट्रिक लग्जरी बसें सड़कों पर उतरेंगी, इन बसों का संचालन गांधी मैदान से शुरू होकर अटल पथ होते हुए सोनपुर और हाजीपुर तक किया जाएगा, जिससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.

Patna News: परिवहन विभाग ने मई महीने से गांधी मैदान से अटल पथ और जेपी सेतु होते हुए सोनपुर और हाजीपुर रेलवे स्टेशन तक चार नई इलेक्ट्रिक लग्जरी बसें चलाने का फैसला किया है.

सबसे खास बात यह है कि इस सेवा के शुरू होने से अटल पथ के दोनों ओर रहने वाली करीब पांच लाख की आबादी को पहली बार पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सीधी सुविधा मिलेगी. यह पहल ‘पीएम ई-बस सेवा’ योजना के तहत की जा रही है, जिसका सर्वे इसी महीने पूरा कर लिया जाएगा.

जाम से मुक्ति और समय की भारी बचत

अटल पथ से बस सेवा शुरू होने का सबसे बड़ा फायदा समय की बचत के रूप में मिलेगा.अभी पटना जंक्शन (जीपीओ) से इनकम टैक्स और बोरिंग रोड होते हुए पाटलिपुत्र या राजीवनगर जाने में ऑटो या अन्य वाहनों से करीब एक घंटे का समय बर्बाद होता है.

अब नई इलेक्ट्रिक बस सेवा के जरिए पटना जंक्शन से राजीवनगर तक की दूरी महज 10 मिनट में तय की जा सकेगी. इन बसों का रूट नंबर संभावित रूप से ‘444 ए’ रखा गया है. यह बसें गांधी मैदान से चलकर अटल पथ के रास्ते करीब 15 चिन्हित जगहों पर दो-दो मिनट के स्टॉपेज लेते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी.

जानें पूरा रूट प्लान

इस नई बस सेवा से पटना के उन इलाकों को सबसे ज्यादा राहत मिलेगी जो अब तक परिवहन के लिए केवल निजी वाहनों या महंगे ऑटो पर निर्भर थे. परिवहन विभाग के इस फैसले से पटना जंक्शन, बुद्धमार्ग, कुर्जी, दीघा बाजार, पाटलिपुत्र कॉलोनी, केशरी नगर, महेश नगर और नॉर्थ व ईस्ट पटेल नगर जैसे 20 से अधिक मोहल्लों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा.

विभाग ने यह सुनिश्चित किया है कि इन इलाकों के लोगों को कम किराए में बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके. वर्तमान में गांधी सेतु के रास्ते 12 बसें चल रही हैं, लेकिन जेपी सेतु और अटल पथ का यह नया रूट उत्तर बिहार जाने वालों के लिए गेम-चेंजर साबित होगा.

प्रदूषण मुक्त और हाईटेक सफर

परिवहन विभाग के सचिव राज कुमार के अनुसार, केंद्र सरकार से मिलने वाली ये इलेक्ट्रिक बसें पूरी तरह प्रदूषण मुक्त होंगी और आधुनिक सुविधाओं से लैस रहेंगी. मई से शुरू होने वाले इस सेवा के बाद यात्रियों को तपती गर्मी में लग्जरी और ठंडी यात्रा का विकल्प मिलेगा.

इसी महीने होने वाले सर्वे में बसों के ठहराव और समय सारिणी को अंतिम रूप दे दिया जाएगा, ताकि मई के पहले सप्ताह से ही पटनावासी इस नई और रफ्तार भरी सेवा का आनंद उठा सकें.

Also Read: विभूति, उपासना एक्सप्रेस समेत इन ट्रेनों से हटा सुपरफास्ट चार्ज, स्लीपर से लेकर एसी तक के यात्रियों को राह

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >