पहली बार मलाही पकड़ी तक चलेगी मेट्रो, गुरुवार को ISBT–भूतनाथ सेक्शन पर सेवा रहेगी बंद

Patna Metro: पटना में मेट्रो विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है. मलाही पकड़ी तक मेट्रो के ट्रायल रन के चलते गुरुवार को ISBT से भूतनाथ स्टेशन के बीच सेवा अस्थायी रूप से बंद रहेगी. इस विस्तार के बाद यात्रियों को जल्द ही लंबी दूरी तक मेट्रो सफर की सुविधा मिलने लगेगी, जिससे शहर का आवागमन और आसान होगा.

Patna Metro: पटना शहर के पहले मेट्रो कॉरिडोर के विस्तार की तैयारी अब अंतिम चरण में पहुंच गई है. इसी क्रम में पहली बार पटना के न्यू पाटलिपुत्र बस टर्मिनल (ISBT) से मलाही पकड़ी तक मेट्रो का ट्रायल रन किया जाएगा. यह शहर के पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, हालांकि इसके कारण आम यात्रियों को एक दिन की असुविधा झेलनी पड़ेगी.

ट्रायल रन के चलते गुरुवार को ISBT से भूतनाथ स्टेशन के बीच मेट्रो की सामान्य आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी. यह निर्णय सुरक्षा मानकों की जांच और तकनीकी परीक्षण को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि भविष्य में सेवा शुरू होने पर यात्रियों को सुरक्षित सफर मिल सके.

मलाही पकड़ी तक मेट्रो ट्रायल

ट्रायल सफल होने के बाद कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी की टीम निरीक्षण करेगी. उनकी अनुमति मिलने पर मार्च के दूसरे सप्ताह से मलाही पकड़ी तक यात्रियों के लिए मेट्रो सेवा शुरू करने की योजना है.

मलाही पकड़ी तक सेवा शुरू होने से आईएसबीटी से इस स्टेशन के बीच लगभग 6.1 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रूट तैयार हो जाएगा. इस मार्ग में पाटलिपुत्र बस टर्मिनल, जीरो माइल, भूतनाथ, खेमनीचक और मलाही पकड़ी स्टेशन शामिल होंगे. हालांकि खेमनीचक स्टेशन का निर्माण अभी जारी है, इसलिए वहां यात्रियों को कुछ महीनों तक सुविधा नहीं मिलेगी.

अभी 6 अक्टूबर 2025 से आईएसबीटी और भूतनाथ के बीच सीमित दूरी में मेट्रो चल रही है. विस्तार के बाद यात्रियों को लंबी दूरी तक राहत मिलने की उम्मीद है.

खेमनीचक के लिए अभी करना होगा थोड़ा इतंजार

भले ही मेट्रो मलाही पकड़ी तक पहुंच रही है, लेकिन बीच में पड़ने वाले खेमनीचक स्टेशन पर अभी ट्रेन नहीं रुकेगी. जमीन मिलने में हुई देरी के कारण इस स्टेशन का निर्माण अभी भी जारी है और इसे पूरी तरह तैयार होने में करीब तीन से चार महीने का समय और लग सकता है.

खेमनीचक एक महत्वपूर्ण ‘एक्सचेंज स्टेशन’ होगा, जहां से भविष्य में यात्री अलग-अलग कॉरिडोर के लिए ट्रेन बदल सकेंगे. इसके अलावा, साल के अंत तक मीठापुर तक भी मेट्रो चलाने की तैयारी जोर-शोर से चल रही है.

पटना और दिल्ली की टीमें करेंगी संयुक्त परीक्षण

ट्रायल रन के दौरान दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन और स्थानीय इंजीनियरिंग टीम संयुक्त रूप से अलग-अलग स्पीड पर मेट्रो चलाकर सिस्टम की जांच करेंगी. ओवरहेड उपकरण, ट्रैक्शन सिस्टम और सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया जाएगा ताकि नियमित परिचालन से पहले सभी तकनीकी पहलू सुनिश्चित किए जा सकें.

अधिकारियों का कहना है कि अगले चरण में खेमनीचक से जगनपुरा, रामकृष्ण नगर होते हुए मीठापुर तक लगभग 3.2 किलोमीटर में मेट्रो चलाने की तैयारी जारी है. इस साल मीठापुर तक मेट्रो सेवा शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है. पूरे प्रोजेक्ट के तहत शहर में लगभग 31.9 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन का निर्माण प्रस्तावित है, जिससे भविष्य में पटना की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है.

Also Read: छपरा होकर चलेगी श्रीगंगानगर-समस्तीपुर होली स्पेशल ट्रेन, जानिए टाइम-टेबल और पूरा शेड्यूल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >