बिहार में बनेगा नया शहर: 66 लाख लोगों के रहने की होगी व्यवस्था, मौजूदा पटना से डेढ़ गुना बड़ी होगी

Patna Patliputra Satellite Township: बिहार की राजधानी पटना के पास पाटलिपुत्र सैटेलाइट टाउनशिप के जरिए एक नया आधुनिक शहर बसाया जा रहा है. यह मौजूदा पटना से डेढ़ गुना बड़ा होगा, जहां 66 लाख लोग रह सकेंगे. नगर विकास विभाग ने इसका पहला ड्राफ्ट जारी कर 30 सितंबर तक सुझाव मांगे हैं.

Patna Patliputra Satellite Township: पटना के पास अब सिर्फ शहर का विस्तार नहीं, बल्कि एक नया शहर बसाने की तैयारी चल रही है. पाटलिपुत्र सैटेलाइट टाउनशिप को इतना बड़ा रखा गया है कि इसका क्षेत्र मौजूदा पटना से करीब डेढ़ गुना ज्यादा होगा. खास बात यह है कि यहां करीब 66 लाख लोगों के रहने की व्यवस्था की जाएगी. सरकार ने इस नए शहर का प्रारूप जारी कर दिया है. अब आम लोग 30 सितंबर तक इस योजना पर अपनी आपत्ति या सुझाव दे सकते हैं.

81730 एकड़ में बनेगा नया पाटलिपुत्र शहर

पाटलिपुत्र सैटेलाइट टाउनशिप के लिए कुल 81730 एकड़ जमीन का क्षेत्र तय किया गया है. तुलना करें तो पटना नगर निगम, दानापुर, खगौल, फुलवारी और संपतचक को मिलाकर मौजूदा शहरी क्षेत्र करीब 54 हजार एकड़ में फैला है.

इस हिसाब से नया पाटलिपुत्र टाउनशिप इन सभी इलाकों को मिलाकर बने मौजूदा क्षेत्र से भी करीब डेढ़ गुना बड़ा होगा. वहीं, सिर्फ पटना नगर निगम क्षेत्र से तुलना करें तो नया टाउनशिप करीब तीन गुना बड़ा होगा.

किन इलाकों को नए शहर में शामिल किया गया?

सरकार ने पाटलिपुत्र टाउनशिप के लिए पटना के दक्षिणी हिस्से में बड़ा इलाका चुना है. इसमें पुनपुन नगर पंचायत को पूरी तरह शामिल किया गया है. इसके अलावा नौबतपुर नगर पंचायत के कुछ वार्ड भी इस योजना का हिस्सा होंगे. पटना जिले के 9 प्रखंडों के कुल 273 राजस्व गांवों को भी नए टाउनशिप के दायरे में रखा गया है.

सिर्फ घर नहीं, पूरा शहर तैयार करने की योजना

पाटलिपुत्र टाउनशिप को सिर्फ रहने के लिए कॉलोनियों के रूप में विकसित करने की योजना नहीं है. यहां लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग तरह की सुविधाएं बनाई जाएंगी. योजना में आवासीय इलाके, स्कूल-कॉलेज, अस्पताल, मॉल, कॉम्प्लेक्स, पार्क और स्पोर्ट्स सिटी जैसी सुविधाएं शामिल हैं. इसके साथ ही मल्टी मॉडल हब भी बनाया जाएगा, ताकि आने-जाने के साधनों को एक जगह से जोड़ा जा सके.

उद्योग और रोजगार पर भी रहेगा जोर

नए शहर में औद्योगिक इलाके भी विकसित किए जाएंगे. सरकार को उम्मीद है कि इससे पटना के आसपास कारोबार और उद्योग को बढ़ावा मिलेगा. जानकारों के मुताबिक, प्रोजेक्ट जमीन पर उतरने के बाद राजधानी पर बढ़ता आबादी का दबाव कुछ कम हो सकता है. नए इलाकों में रोजगार के मौके बनने से लोगों को काम के लिए दूसरे शहरों की तरफ जाने की जरूरत भी कम हो सकती है.

शहरी खेती के लिए भी जगह रखी जाएगी

पाटलिपुत्र टाउनशिप की योजना में शहरी खेती के लिए भी कुछ इलाका रखने की बात है. यानी तेजी से विकसित होने वाले इस शहर में सिर्फ मकान, सड़क और बाजार ही नहीं होंगे, बल्कि खेती के लिए भी जगह बचाई जाएगी. इसी वजह से टाउनशिप का कुल क्षेत्र काफी बड़ा रखा गया है.

2047 की जरूरत के हिसाब से बनेगा शहर

सरकार इस टाउनशिप को मौजूदा जरूरतों के साथ भविष्य को ध्यान में रखकर विकसित करना चाहती है. योजना में साल 2047 की जरूरतों को आधार बनाया गया है. इसका मतलब है कि आने वाले वर्षों में बढ़ने वाली आबादी, रोजगार, ट्रांसपोर्ट और दूसरी शहरी जरूरतों को ध्यान में रखकर अभी से जगह और सुविधाओं की योजना तैयार की जा रही है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

बिहार में बनेंगे 12 सैटेलाइट टाउनशिप

पाटलिपुत्र टाउनशिप बिहार में बनने वाली अकेली सैटेलाइट टाउनशिप नहीं होगी. राज्य सरकार ने कुल 12 नए सैटेलाइट शहर विकसित करने की योजना बनाई है. इनमें राज्य के सभी 9 प्रमंडल मुख्यालयों के अलावा सीतामढ़ी, सोनपुर और डेहरी के पास भी नए शहर विकसित करने की योजना है.

इसे भी पढ़ें: प्रभात खबर की ग्राउंड जीरो रिपोर्ट: 'मेरी मम्मी कहां है?', जाल में फंसकर बची 5 साल की मासूम, नेपाल बाढ़ में खो गया पूरा परिवार

30 सितंबर तक दे सकते हैं सुझाव

नगर विकास एवं आवास विभाग ने पाटलिपुत्र टाउनशिप का प्रारूप जारी कर दिया है. अब इस योजना को लेकर आम लोगों से सुझाव और आपत्ति मांगी गई है. जो लोग इस योजना पर अपनी बात रखना चाहते हैं, वे 30 सितंबर तक अपनी आपत्ति या सुझाव दे सकते हैं. इसके बाद सरकार आगे की प्रक्रिया पर काम करेगी.

इसे भी पढ़ें: प्रभात खबर की ग्राउंड जीरो रिपोर्ट: भारत से सप्लाई रुकते ही नेपाल में हाहाकार, अचानक 150 रुपया तक बढ़ गया इस सामान का रेट



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By परितोष शाही

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >