Nepal Flood नेपाल में आई बाढ़ के कारण बिहार की नदियों का जलस्तर भी बढ़ गया है। खासकर गंडक नदी के जलस्तर में काफी वृद्धि हुई है। स्थिति को देखते हुए बिहार सरकार ने आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट करते हुए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने का निर्देश दिया है। साथ ही, गंडक नदी के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है।
इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें गंडक नदी के किनारे रहने वाले लोग बाढ़ के बीच अवसर तलाशते नजर आ रहे हैं। ये लोग अपनी जान जोखिम में डालकर उफनती गंडक नदी में उतर रहे हैं और बाढ़ के पानी के साथ बहकर आ रही लकड़ियां, गैस सिलेंडर और अन्य घरेलू सामान निकालने में जुटे हैं।
बिहार से जुड़ी अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें..
गंडक से सामान बटोरने की होड़
पश्चिम चंपारण जिले में नदी से बहकर आ रहे सामान को निकालने की होड़ सी मची हुई है। लोग अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में कूद रहे हैं और ज्यादा से ज्यादा लकड़ियां एवं अन्य सामान बटोरने की कोशिश कर रहे हैं। नदी किनारे रहने वाले कुछ लोग परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी इस काम में जुटे नजर आ रहे हैं।
पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर, बगहा और मधुबनी समेत अन्य इलाकों में गुरुवार को बड़ी संख्या में लोगों के नदी में उतरने के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, नेपाल की ओर से बहकर आई लकड़ियों के साथ गैस सिलेंडर और घरेलू उपयोग के अन्य सामान भी नदी में दिखाई दे रहे हैं।
नाव और ट्यूब के सहारे नदी में उतर रहे लोग
गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में लोग नाव और ट्यूब के सहारे गंडक नदी में उतर गए। वे नदी में बहकर आ रहे सामान को पकड़कर किनारे लाने में जुटे रहे। वहीं, कुछ लोग नदी के किनारे अपेक्षाकृत कम पानी वाले हिस्सों में उतरकर सामान की तलाश करते भी दिखाई दिए।
मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है। अधिकारियों की ओर से लोगों को नदी में नहीं उतरने की लगातार हिदायत दी जा रही है। साथ ही, निर्देशों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। इसके बावजूद कई लोग नदी में उतरकर बहकर आ रहे सामान को एकत्रित करने में जुटे हुए हैं।
