Nepal Flash Flood: नेपाल में लगातार हो रही बारिश ने एक बार फिर मुश्किलें बढ़ा दी हैं. बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं के बीच अब कई प्रमुख सड़क मार्गों पर यातायात रोक दिया गया है. रसुवा से फिर बाढ़ और भूस्खलन की सूचना मिलने के बाद चितवन पुलिस प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को अलर्ट किया है.
हालात को देखते हुए नारायणगढ़ से काठमांडू, पोखरा और मुग्लिन जाने वाली गाड़ियों के पहिए थाम दिए गए हैं. इन इलाकों से नारायणगढ़ आने वाली गाड़ियों की आवाजाही भी अगले सूचना तक बंद रहेगी. ऐसे में इस समय इन प्रमुख रूटों पर सफर करने वालों के लिए रास्ता बंद है.
इस जगह पर धंसी सड़क
कृष्णभीर इलाके में त्रिशूली नदी में बारिश के बाद शनिवार की सुबह बढ़े जलस्तर से सड़क धंस जाने के कारण मुग्लिन-काठमांडू सड़क पर परिचालन एक बार फिर पूरी तरह से बंद हो गया है. बागमती प्रदेश ट्रैफिक प्रमुख डिल्ली नारायण पांडे ने सड़क धंसने और मार्ग के पूर्ण रूप से बंद होने की पुष्टि की है.
सड़क अवरुद्ध होने के बाद इस महत्वपूर्ण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है. संबंधित निकायों की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है. पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के बीच सड़क पर मलबा आने और जमीन खिसकने का खतरा भी बना हुआ है.
यात्रियों और मालवाहकों की बढ़ेगी परेशानी
सड़क बंद होने का असर सिर्फ आम यात्रियों पर नहीं पड़ेगा. बल्कि काठमांडू, पोखरा और मुग्लिन की ओर जाने वाले बस, कार, ट्रक और अन्य मालवाहक गाड़ियों को भी रुकना पड़ेगा. इससे यात्रा प्रभावित होने के साथ जरूरी सामान की आवाजाही पर भी असर पड़ सकता है.
प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
चितवन पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों को स्थिति की जानकारी दी है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जरूरी काम के बिना जोखिम वाले रास्तों पर यात्रा न करें. यात्रा से पहले मार्ग की ताजा स्थिति की जानकारी लेना बेहद जरूरी बताया गया है. फिलहाल, नारायणगढ़-काठमांडू, पोखरा और मुग्लिन रूट पर यातायात अगली सूचना तक बंद है. मार्ग खोलने का फैसला हालात की समीक्षा के बाद लिया जाएगा. लोगों से अपनी और परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की गई है.
बिहार के इन जिलों में अलर्ट
नेपाल में हो रही लगातार बारिश की वजह से बिहार में खतरा बना हुआ है. राज्य की नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के आसपास रह रहा है. कुछ नदियों का जलस्तर घटा है, लेकिन खतरा टला नहीं है. कई इलाकों में प्रभावित लोगों को सुरक्षित जगह तक पहुंचाया गया है. दियारा इलाके में रह रहे लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है. बिहार के 5 जिलों पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, गोपालगंज और भागलपुर जिले में खासकर निगरानी की जा रही है.
Also Read: 1692 करोड़ की लागत से मुजफ्फरपुर से महुआ तक बनेगी नई रेल लाइन, 60KM लंबा बिछेगा रेलवे ट्रैक
