Nawada news: थाना क्षेत्र के तरौनी गांव में रविवार को करंट की चपेट में आने से 32 वर्षीय युवक छोटे शर्मा की मौत हो गयी. मृतक की पहचान ननौरा गांव निवासी रामदेव ठाकुर के पुत्र के रूप में हुई है. घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया.
छठियारी पूजन में शामिल होने गया था युवक
जानकारी के अनुसार, छोटे शर्मा तरौनी गांव में एक यजमान के यहां छठियारी पूजन में शामिल होने गया था. इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया. हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गये और परिजनों को सूचना दी.
परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था छोटे शर्मा
छोटे शर्मा परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था. वह गांव और आसपास के क्षेत्रों में यजमानों के यहां काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. उसकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है. मृतक अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्र और एक पुत्री छोड़ गया है. पति की मौत की खबर के बाद पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
घटना के बाद ननौरा गांव में मातम पसरा रहा. बड़ी संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक शोकाकुल परिवार के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाते रहे.
पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया शव
घटना की सूचना मिलने पर नारदीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, नवादा भेज दिया गया है.
आपदा प्रबंधन कोष से सहायता की मांग
घटना पर नंदवंशी चेतना संघ (नाई संघ) के प्रखंड अध्यक्ष अवधेश शर्मा, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष रामाशीष शर्मा, मनोज शर्मा, देवेंद्र कुमार, पूर्व सरपंच डॉ. किशोरी शर्मा, उत्तम शर्मा, चंदन शर्मा, भोला शर्मा, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष सूरज पासवान समेत अन्य लोगों ने दुख जताया.
लोगों ने विभागीय अधिकारियों से मृतक के आश्रित परिवार को आपदा प्रबंधन कोष से नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराने की मांग की है.
