नवादा के पकरीबरावां में चौकीदार की मौत, बदमाशों ने चाकू घोंपकर की थी हत्या, शादी वाले घर में गूंजी चीखें

Nawada News: नवादा में खाकी पर खूनी हमला, बदमाशों के दुस्साहस ने बुझा दिया घर का चिराग, 26 जून को होनी थी बेटी की शादी. एक गिरफ्तार, एसआईटी गठित, परिजनों ने की हत्यारों को फांसी देने की मांग.

Nawada News (पकरीबरावां से विश्वनाथ कुमार की रिपोर्ट): बिहार के नवादा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहाँ कर्तव्य की वेदी पर तैनात एक चौकीदार अपराधियों की क्रूरता का शिकार हो गया. पकरीबरावां प्रखंड के धमौल थाना में पदस्थापित तुर्कबन निवासी चौकीदार जितेंद्र पासवान की सोमवार की सुबह इलाज के दौरान पटना के पीएमसीएच में मौत हो गई. बदमाशों ने रविवार की रात उन पर उस वक्त कातिलाना हमला किया था जब वे थाना से अपने गांव लौट रहे थे. इस घटना ने पुलिस महकमे को हिला कर रख दिया साथ ही एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया है.

घात लगाकर हमला, आंतें बाहर आने तक घोंपा चाकू

घटना की पृष्ठभूमि किसी फिल्मी पटकथा जैसी भयावह है. रविवार की रात करीब 8:15 बजे चौकीदार जितेंद्र पासवान अपनी ड्यूटी के बाद थाना से पैदल ही अपने गांव तुर्कबन की ओर जा रहे थे. अभी वे थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर ही पहुंचे थे कि अंधेरे में घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर धावा बोल दिया. अपराधियों ने जितेंद्र पासवान के पेट में इतनी बेरहमी से चाकू घोंपा कि उनकी आंतें शरीर से बाहर आ गईं.

लहूलुहान हालत में गिरते ही स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें तुरंत पकरीबरावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें विम्स पावापुरी रेफर किया गया, लेकिन स्थिति में सुधार न होता देख उन्हें देर रात पीएमसीएच पटना भेजा गया, जहाँ सोमवार सुबह करीब 3 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली.

बेटी की डोली से पहले उठ गई पिता की अर्थी, घर में मचा कोहराम

जितेंद्र पासवान अपने पीछे पत्नी रेणु देवी, चार बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं. घर में इन दिनों खुशियों का माहौल था और शहनाइयां बजने वाली थीं. उनकी दूसरी बेटी निशा कुमारी (18 वर्ष) की शादी आगामी 26 जून को तय थी. परिवार शादी की तैयारियों में व्यस्त था, कार्ड छप रहे थे और खुशियां बांटी जा रही थीं, लेकिन एक झटके में सब कुछ उजड़ गया. अब जिस घर से बेटी की डोली उठनी थी, वहां पिता का जनाजा देख हर आंख नम है.

मृतक ही परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे. बड़ी बेटी नीतू की शादी हो चुकी है, जबकि निशा, आशा, अंजलि और 12 वर्षीय पुत्र छोटू अभी पढ़ाई कर रहे हैं. इन मासूमों के सिर से पिता का साया उठने के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है. पत्नी रेणु देवी बार-बार बेहोश हो रही हैं और परिजनों का विलाप सुन कलेजा कांप उठता है.

Also Read: गोपालगंज के भू-माफिया गंग दयाल यादव को कोर्ट से झटका, जमानत अर्जी खारिज

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

बिहार के रहने वाले आदित्य कुमार रवि को पढ़ने-लिखने का बेहद शौक है। वे साहित्य, ग़ज़ल और कविता से गहरा लगाव रखते हैं। किताबों के साथ-साथ वे खेल के भी शौकीन हैं और क्रिकेट में काफी दिलचस्पी रखते हैं। फुर्सत के समय में उन्हें फ़िल्में देखना पसंद है। राजनीति को वे बहुत करीब से देखते और समझते हैं, इसलिए वे खुद को राजनीति का एक समर्पित छात्र मानते हैं। पत्रकारिता आदित्य का जुनून है और वे ज़मीन से जुड़ी खबरों को सामने लाने के लिए ग्राउंड रिपोर्टिंग करना पसंद करते हैं। उन्हें खास तौर पर गहराई से की जाने वाली खोजी खबरों और आंकड़ों पर आधारित डेटा स्टोरीज पर काम करना अच्छा लगता है। इसके अलावा, उन्हें न्यूज़ एंकरिंग और न्यूज़ प्रोडक्शन का भी व्यावहारिक ज्ञान है। आदित्य के पास 'दैनिक भास्कर' के साथ काम करने का अनुभव है। फिलहाल, वे 'प्रभात खबर' में कंटेंट राइटर के तौर पर काम कर रहे हैं, जहाँ फील्ड से आने वाली खबरों को संवारने और उन्हें वेबसाइट पर पाठकों तक पहुँचाने की जिम्मेदारी वे बखूबी निभाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >