नवादा : नहर के पानी को लेकर नवादा और शेखपुरा जिलों के ग्रामीण आमने-सामने, थाना पहुंचा मामला

नवादा और शेखपुरा जिले के ग्रामीणों के बीच कोड़ीहरी नहर से पानी ले जाने को लेकर गंभीर विवाद हो गया. स्थिति को देखते हुए पकरीबरावां थाने में शांति समिति की बैठक बुलाई गई. अधिकारियों ने मामले को सुलझाने का आश्वासन दिया है.

Water Dispute : पकरीबरावां थाना क्षेत्र के जिलवारिया गांव के समीप कोड़ीहरी नहर से पानी ले जाने को लेकर नवादा और शेखपुरा जिलों के ग्रामीणों के बीच उत्पन्न विवाद को लेकर पकरीबरावां थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई. डीएम रवि प्रकाश के निर्देश पर हुई बैठक की अध्यक्षता पकरीबरावां अंचल अधिकारी निहारिका ने की. बैठक में नवादा जिले के पिंडपड़वा, जिलवारिया, तनपुरा सहित शेखपुरा जिले के वर्षा, ओरानी, बौरनी, बौरनार समेत आसपास के कई गांवों के ग्रामीण शामिल हुए. इसके अलावा लघु जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता, पकरीबरावां थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रंजन चौधरी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे.

नहर को काटने को लेकर हुआ विवाद

बैठक के दौरान दोनों जिलों से पहुंचे ग्रामीणों ने नहर से पानी ले जाने एवं पानी के कटाव को लेकर अपनी-अपनी बातें रखीं. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस और तकरार की स्थिति बनी रही. ग्रामीण अपने-अपने क्षेत्र में नहर के पानी की उपलब्धता एवं उसके उपयोग को लेकर अपना पक्ष रखते नजर आये. स्थिति को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया. अधिकारियों ने कहा कि आपसी विवाद से समस्या का समाधान नहीं होगा. नहर के पानी को लेकर उत्पन्न मामले का समाधान प्रशासनिक स्तर पर कराया जायेगा.

डीएम के निर्देश का होगा पालन : थानाध्यक्ष

थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रंजन चौधरी ने दोनों पक्षों को कड़ी हिदायत देते हुए कहा कि सभी लोग शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखें. किसी भी प्रकार की विवादित स्थिति उत्पन्न करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास नहीं किया जाए. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जानकारी जिला पदाधिकारी को दी जायेगी. जिला पदाधिकारी के निर्देशन में जो भी आदेश प्राप्त होगा, उसका अक्षरशः अनुपालन कराया जायेगा. उन्होंने दोनों पक्षों से प्रशासन के निर्णय तक संयम बनाए रखने की अपील की.

अधिकारियों ने ग्रामीणों को दिलाया भरोसा

बैठक में अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और संबंधित विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों के स्तर से आवश्यक कार्रवाई की जायेगी. अधिकारियों की अपील के बाद बैठक समाप्त की गयी. बैठक में दोनों जिलों से दर्जनों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विश्वनाथ कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >