नवादा: कौआकोल में स्कूल से लौट रही छात्राओं के अपहरण का प्रयास, ग्रामीणों ने बचाया, दो गिरफ्तार व दो फरार

नवादा जिले के कौआकोल में स्कूल से घर लौट रही दो नाबालिग छात्राओं के साथ छेड़छाड़ कर अपहरण का प्रयास किया गया। सूझबूझ और हिम्मत से छात्राओं ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें बचाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Nawada News: नवादा जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र में दो नाबालिग छात्राओं के साथ छेड़छाड़ कर उनका जबरन अपहरण करने के दुस्साहसिक प्रयास का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. इस मामले में कौआकोल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में नवादा जेल भेज दिया है.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जमुई जिले के गरही थाना क्षेत्र के देवलाटांड़ गांव निवासी मोहम्मद अजहर उद्दीन (पिता- मोहम्मद अमानत मियां) एवं मोहम्मद दिलशाद अंसारी (पिता- मोहम्मद हारून अंसारी) के रूप में हुई है.

तेज रफ्तार ऑटो को जंगल की ओर ले गया चालक

पीड़ित छात्राओं के पिता द्वारा कौआकोल थाने में दर्ज कराई गई लिखित प्राथमिकी के अनुसार, बुधवार को हाई स्कूल से पढ़ाई कर घर लौट रही दो छात्राएं कौआकोल बाजार से एक ऑटो पर सवार हुई थीं. उस ऑटो में पहले से ही दो युवक (मोहम्मद अजहर उद्दीन और मोहम्मद दिलशाद) बैठे हुए थे. जैसे ही ऑटो मधुरापुर गांव के पास पहुंचा, दोनों युवकों ने छात्राओं के साथ सरेराह छेड़छाड़ शुरू कर दी. इस बीच ऑटो चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे अत्यंत तेज गति से सुनसान जंगल की ओर मोड़ दिया और भागने लगा.

ग्रामीणों ने खदेड़कर छात्राओं को कराया मुक्त

छात्राओं ने जब खतरे को भांप लिया तो उन्होंने हिम्मत दिखाई और विरोध करते हुए गुआघोघरा गांव के पास जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया. बच्चियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों और सड़क पर मौजूद स्थानीय ग्रामीण तत्काल हरकत में आए और दौड़कर मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने सूझबूझ से दोनों छात्राओं को आरोपियों के चंगुल से सुरक्षित मुक्त करा लिया. इसी बीच सूचना मिलने पर कौआकोल पुलिस भी दल-बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच गई.

बाइक छोड़कर भागा लाइनर, ऑटो चालक भी फरार

पुलिस को आते देख ऑटो चालक मोहम्मद हारून अंसारी (पिता- मोहम्मद अयूब) अपना ऑटो लेकर तेजी से फरार होने में कामयाब रहा. कुछ देर बाद घटना स्थल पर लाइनर के रूप में कार्य कर रहा एक अन्य संदिग्ध युवक अपनी मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा, लेकिन मुस्तैद ग्रामीणों ने उसे भी खदेड़ दिया. हड़बड़ाहट में वह युवक अपनी बाइक वहीं छोड़कर भाग खड़ा हुआ, जिसे पुलिस ने मौके पर ही जब्त कर लिया है और थाने ले आई है.

फरार आरोपियों के लिए पुलिस की छापेमारी जारी

इस गंभीर मामले को लेकर कौआकोल के थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक (इंस्पेक्टर) अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता के पिता के लिखित आवेदन के आधार पर थाने में सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कानूनी कार्रवाई की गई है. मामले में नामजद दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. फरार ऑटो चालक और लाइनर की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dashrath mistri

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >