Nawada crime: रजौली थाना क्षेत्र के घसियाडीह निवासी सीताराम साव के पुत्र ओम प्रकाश राणा के साथ अनुमंडल कार्यालय के पीछे पहाड़ के पास मारपीट किये जाने का मामला सामने आया है. पीड़ित का आरोप है कि दबंगों ने उस पर एक लाख रुपये चोरी करने का बेबुनियाद आरोप लगाकर लाठी-डंडों से गंभीर रूप से मारपीट की. घटना में युवक के सिर, चेहरे और गर्दन में गंभीर चोटें आयी हैं.
एक लाख रुपये चोरी का लगाया आरोप
पीड़ित ओम प्रकाश राणा ट्रक में खलासी का काम करता है. उसके अनुसार, घटना के दिन उसे बुलाकर अनुमंडल कार्यालय के पीछे पहाड़ के पास ले जाया गया था. पीड़ित ने बताया कि सिरदला थाना क्षेत्र के हाजीपुर नवाबगंज निवासी ड्राइवर राजेश यादव, राजू यादव और उनके साथ मौजूद अन्य लोगों ने उस पर एक लाख रुपये चोरी करने का आरोप लगाया.
ओम प्रकाश द्वारा चोरी की बात से इनकार करने और अपनी बेगुनाही की बात कहने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. इसके बाद उसके साथ जबरन मारपीट की गयी.
लाठी-डंडों से पिटाई, लहूलुहान होकर हुआ अचेत
पीड़ित के अनुसार, लाठी-डंडों से की गयी मारपीट में उसके सिर, चेहरे और गर्दन पर गंभीर चोटें आयीं. वह लहूलुहान होकर अचेत हो गया. घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित की मां गायत्री देवी ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल ओम प्रकाश को अनुमंडलीय अस्पताल रजौली में भर्ती कराया.
प्राथमिक उपचार के बाद नवादा रेफर
अनुमंडलीय अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. सतीश चंद्र सिंह ने घायल का प्राथमिक उपचार किया. सिर में गंभीर चोट और हालत बिगड़ने को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए नवादा रेफर कर दिया गया.
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
पीड़ित परिवार ने पुलिस से मामले में नामजद सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. मामले में पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है.
