नवादा में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौत के बाद तीन घंटे तक जाम रहा एनएच-20

Nawada News : रजौली के एनएच-20 पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौके पर ही मौत। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजे की मांग की. पुलिस जांच में जुटी.

Nawada News : रजौली थाना क्षेत्र के एनएच-20 पर सोमवार की दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई. तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर एनएच-20 को जाम कर दिया. करीब तीन घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा.

कालीमंडा से मजदूरी कर घर लौट रहा था युवक

जानकारी के अनुसार, घटना गोपालपुर विद्यालय के समीप हुई. गढ़ दीबौर गांव निवासी शंभू भुइयां के 20 वर्षीय पुत्र अनिल कुमार कालीमंडा में मजदूरी करने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान नवादा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक संख्या एमएल01एबी6916 ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनिल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद उसका शव ट्रक के नीचे फंस गया. दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया.

बहन ने कहा, काम से लौट रहा था भाई

मृतक की बहन ऊषा कुमारी ने बताया कि उनका भाई मजदूरी का काम कर बाइक से घर लौट रहा था. इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से यह दर्दनाक हादसा हो गया.

Also Read : औरंगाबाद में चार वर्षों से जलजमाव की समस्या से जूझ रहे 300 परिवार, 19 अगस्त को प्रखंड कार्यालय पर धरना

शव रखकर लोगों ने किया एनएच-20 जाम

घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और शव को सड़क पर रखकर एनएच-20 को जाम कर दिया. जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. इस दौरान बारिश शुरू होने से लोगों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.

पुलिस और प्रशासन के समझाने पर समाप्त हुआ जाम

जाम की सूचना मिलते ही एसआई कन्हैया लाल, एसआई सचिन कुमार और एएसआई जयप्रकाश चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. वहीं बीडीओ संजीव झा और प्रमुख प्रतिनिधि बबलू यादव भी घटनास्थल पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझाने में जुट गए. काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया गया. करीब तीन घंटे बाद एनएच-20 पर यातायात सामान्य हो सका. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, नवादा भेज दिया.

पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता का आश्वासन

बीडीओ संजीव झा ने घटना को हृदयविदारक बताते हुए मृतक के परिजनों को तत्काल 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया. वहीं प्रमुख प्रतिनिधि बबलू यादव ने परिजनों को सांत्वना देते हुए सरकार की ओर से मिलने वाले मुआवजे की प्रक्रिया में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.

फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस

थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान गढ़ दीबौर गांव निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई है. दुर्घटना के बाद फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है. मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है.

Also Read : देव भूमि आरोग्य ट्रस्ट ने मनाया सावन उत्सव, खुशबू बनीं सावन क्वीन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kr manish dev

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >