Nawada News: नवादा जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत काशी बीघा गांव में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. गृहस्वामी के इलाज के सिलसिले में परिवार सहित कोलकाता जाने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़ा और अलमारी व बक्से में रखे लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात तथा नकदी लेकर चंपत हो गए. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.
बंद घर देखकर चोरों ने बोला धावा
जानकारी के मुताबिक, काशी बीघा निवासी राजाराम सिंह अपने इलाज के लिए सपरिवार कोलकाता गए हुए थे. शनिवार की रात चोरों ने बंद घर का फायदा उठाकर प्रवेश किया और अलमारी व बक्से का ताला तोड़कर कीमती आभूषण तथा नकदी समेट ली. रविवार को घटना की जानकारी मिलने पर जब परिजन घर पहुंचे, तो कमरे का सारा सामान अस्त-व्यस्त और अलमारी खाली मिली.
गांव में लगातार तीसरी चोरी से ग्रामीणों में आक्रोश
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि काशी बीघा गांव में बीते कुछ दिनों के भीतर यह चोरी की तीसरी घटना है. लगातार हो रही वारदातों के बावजूद पुलिस द्वारा किसी मामले का उद्भेदन न किए जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. लोगों ने रात की पुलिस गश्ती (नाइट पेट्रोलिंग) बढ़ाने तथा चोरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है.
थाने में आवेदन, पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित राजाराम सिंह ने हिसुआ थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है. आवेदन के आधार पर पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है. थाना पुलिस का कहना है कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
