Nawada ration card: नवादा जिले में नये राशन कार्ड के निर्माण, लंबित आवेदनों के निष्पादन और लाभुकों के ई-केवाईसी की प्रगति को लेकर जिला पदाधिकारी ने समीक्षा बैठक की. बैठक में राशन कार्ड निर्माण की धीमी गति और लंबित ई-केवाईसी को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया गया.
प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी रंजीत कुमार ने बताया कि जिले में 73 हजार नये राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसके विरुद्ध अब तक 62,952 राशन कार्ड के आवेदन पोर्टल पर अपलोड किये जा चुके हैं. डीएम ने शेष लक्षित राशन कार्डों के आवेदन भी शीघ्र पोर्टल पर अपलोड करने और निर्धारित लक्ष्य को ससमय शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया.
47 हजार लाभुकों का ई-केवाईसी लंबित
समीक्षा के दौरान सामने आया कि जिले में करीब 47 हजार आवेदकों का ई-केवाईसी लंबित है. इस पर डीएम ने सभी संबंधित लाभुकों से अपील की कि वे अपने नजदीकी जन वितरण प्रणाली दुकान पर जाकर स्वयं और परिवार के सभी सदस्यों का ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से पूरा कराएं.
डीएम ने प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को माइकिंग सहित विभिन्न प्रचार माध्यमों से व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया, ताकि कोई पात्र लाभुक ई-केवाईसी से वंचित न रहे.
महादलित टोलों में चलेगा विशेष जागरूकता अभियान
जिला कल्याण पदाधिकारी को विकास मित्रों के माध्यम से महादलित टोलों में विशेष जागरूकता और मोबिलाइजेशन अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. वहीं, डीपीएम जीविका को जीविका दीदियों के माध्यम से लाभुकों को जागरूक कर शत-प्रतिशत ई-केवाईसी कराने का लक्ष्य दिया गया.
लंबित आवेदनों का समयबद्ध होगा निष्पादन
सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को लंबित आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन करने और पात्र लाभुकों का राशन कार्ड निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. प्रशासन का जोर निर्धारित लक्ष्य के अनुसार नये राशन कार्ड के निर्माण के साथ लंबित ई-केवाईसी को जल्द पूरा कराने पर है.
