Prince Murder Case: सिरदला थाना क्षेत्र में 21 अगस्त को हुए प्रिंस कुमार हत्याकांड के बाद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. पुलिस की बढ़ती दबिश के बीच मामले में फरार चल रहे 11 आरोपितों ने दो दिनों के अंदर नवादा न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया. शुक्रवार को पांच और शनिवार को छह आरोपितों ने कोर्ट में सरेंडर किया. इसके बाद सिरदला और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गयी है.
संवेदनशील इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात
शनिवार को अकौना और सिरदला पंचायत के संवेदनशील चौक-चौराहों पर सुबह से ही भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी. सिरदला थाना पुलिस के अलावा जिले के विभिन्न थानों से भी पुलिस बल को बुलाया गया था. सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर वज्र वाहन की तैनाती भी की गयी.
पुलिस टीम ने प्रमुख सड़कों पर वाहनों की जांच की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी. गया-रजौली एसएच-70 पर रजौली से सिरदला प्रखंड के मुड़ली बाजार तक पुलिस की विशेष निगरानी रही. वहीं, सिरदला-हिसुआ मुख्य सड़क पर भी कई स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा.
पूरे दिन होती रही गश्त
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस टीम ने पूरे दिन संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त की. प्रमुख चौक-चौराहों और सड़कों पर पुलिस की मौजूदगी बनी रही. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है.
शनिवार को छह आरोपितों ने किया आत्मसमर्पण
थाना कांड संख्या 251/26 में शनिवार को छह आरोपितों ने प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी शत्रुंजय कुशवाहा के समक्ष आत्मसमर्पण किया. इनमें नाथे उर्फ नाथे राजवंशी, सुखदेव राजवंशी, उमेश कुमार उर्फ टुनटुन कुमार, सकलदेव राजवंशी, विक्की उर्फ विकास कुमार और दयानंद राजवंशी शामिल हैं.
इससे पहले शुक्रवार को अनुज राजवंशी, राजबली राजवंशी, चंदन राजवंशी, संतोष राजवंशी उर्फ अमन कुमार और रंगीला राजवंशी उर्फ रंगीला कुमार ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था. इस तरह दो दिनों में कुल 11 आरोपित कोर्ट में सरेंडर कर चुके हैं.
फरार आरोपितों की तलाश में छापेमारी जारी
पुलिस की ओर से मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस टीम आरोपितों के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाकर कार्रवाई में लगी है. वहीं, घटना के बाद संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की निगरानी लगातार जारी है.
