Nawada News : बिहार सरकार के सात निश्चय-3 कार्यक्रम के तहत मंगलवार को नवादा सदर प्रखंड की केना पंचायत स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का शुभारंभ जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश और पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से नागरिकों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया.
हर महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को लगेंगे शिविर
जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर से राहत दिलाना और एक ही स्थान पर सभी जरूरी सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना है. उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को पंचायतों और नगर निकायों के वार्डों में ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे.
सहयोग पोर्टल पर भी दर्ज करा सकेंगे शिकायत
डीएम ने बताया कि राज्य सरकार के सहयोग पोर्टल के माध्यम से भी लोग ऑनलाइन आवेदन और शिकायत दर्ज करा सकते हैं. इन आवेदनों का अधिकतम 30 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा. उन्होंने अधिकारियों को पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया.
डीएम-एसपी ने लाभुकों को बांटे प्रमाण-पत्र और स्वीकृति पत्र
शिविर के दौरान जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने पात्र लाभुकों के बीच राशन कार्ड, शौचालय निर्माण प्रोत्साहन राशि के स्वीकृति पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के स्वीकृति पत्र तथा जन्म और मृत्यु प्रमाण-पत्र वितरित किए.
जिलेभर की पंचायतों और नगर निकायों में भी लगे शिविर
केना पंचायत के अलावा सिरदला, गोविंदपुर, पकरीबरावां, कौआकोल, अकबरपुर, वारिसलीगंज, रजौली, नरहट, हिसुआ, मेसकौर, रोह, नारदीगंज और काशीचक की पंचायतों तथा नवादा, वारिसलीगंज, हिसुआ और रजौली नगर निकायों के विभिन्न वार्डों में भी सहयोग शिविर आयोजित किए गए. इन शिविरों में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन कर पात्र लाभुकों को स्वीकृति पत्र और अन्य सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं.
