नवादा: सहयोग शिविर में लाभुकों को मिली बड़ी राहत, SDO ने बांटे राशन कार्ड और स्वीकृति पत्र

नवादा के कौआकोल में आयोजित सहयोग शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया. एसडीओ अमित अनुराग ने लाभुकों को नए राशन कार्ड और स्वीकृति पत्र सौंपे, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली.

Nawada News : नवादा सदर एसडीओ अमित अनुराग की अध्यक्षता में मंगलवार को कौआकोल प्रखंड के पहाड़पुर पंचायत सरकार भवन में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना था.

राशन कार्ड, पेंशन और आवास योजना के लिए उमड़ी भीड़

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आय, जाति और आवासीय प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन और शिकायतें दर्ज कराईं. संबंधित विभागों के अधिकारियों ने कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया, जबकि शेष आवेदनों के शीघ्र निपटारे का आश्वासन दिया.

एसडीओ ने लाभुकों को सौंपे राशन कार्ड और स्वीकृति पत्र

शिविर के दौरान एसडीओ अमित अनुराग ने निष्पादित मामलों के लाभुकों के बीच स्वीकृति पत्र और नए राशन कार्ड वितरित किए. उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के पहुंचे. इसी उद्देश्य से पंचायत स्तर पर लगातार सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं.

अधिकारियों को समय सीमा में आवेदन निपटाने का निर्देश

एसडीओ ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए और कोई भी पात्र लाभुक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे.

प्रशासनिक अधिकारियों की रही मौजूदगी

शिविर में ट्रैफिक डीएसपी प्रशांत अभिषेक, बीडीओ डॉ. अखिलेश कुमार, सीओ चंदन चौधरी, बीईओ अजित कुमार, पीओ असलम हुसैन, मुखिया हेमा देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. लाभुकों ने मौके पर समस्याओं का समाधान और राशन कार्ड प्राप्त होने पर प्रशासन के प्रयासों की सराहना की.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Dashrath mistri

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >