Nawada News : गोविंदपुर प्रखंड की सुघड़ी पंचायत स्थित निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर आवेदन प्राप्त किए गए. शिविर का निरीक्षण डीडीसी नीलिमा साहू ने किया.
डीडीसी ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीडीसी के साथ बीडीओ कुमार शैलेंद्र, 20 सूत्री क्रियान्वयन समिति की प्रखंड अध्यक्ष शोभा कुमारी, प्रमुख रिंकू कुमारी तथा पंचायत समिति सदस्य मनोज वर्मा मौजूद रहे. अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉल का जायजा लिया और प्राप्त आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया.
38 आवेदन मिले, 12 मामलों का ऑन-द-स्पॉट समाधान
बीडीओ कुमार शैलेंद्र ने बताया कि सहयोग शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं और जनसमस्याओं से संबंधित कुल 38 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें से 12 आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को आगे की कार्रवाई के लिए भेजा गया है.
सरकारी योजना के तहत लाभुक को मिला ई-रिक्शा
शिविर के दौरान डीडीसी नीलिमा साहू ने सरकार की कल्याणकारी योजना के तहत सुघड़ी पंचायत निवासी सुनील राम को बैटरी संचालित ई-रिक्शा उपलब्ध कराया. लाभुक ने सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया.
राशन कार्ड, पेंशन और आवास से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचे ग्रामीण
सहयोग शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने राशन कार्ड, पेंशन, आवास, सामाजिक सुरक्षा, राजस्व और अन्य योजनाओं से संबंधित आवेदन दिए. डीडीसी ने लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभुकों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की.
