Nawada News: नवादा क्षेत्र से बिहार विधान परिषद सदस्य (MLC) अशोक कुमार ने मंगलवार को सदन में क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रश्न उठाकर सरकार का ध्यान आकृष्ट किया.
तारांकित प्रश्न: रजौली और कौआकोल में बिहार से हो बिजली आपूर्ति
एमएलसी अशोक कुमार ने तारांकित प्रश्न के माध्यम से कौआकोल प्रखंड की महुडर पंचायत तथा रजौली प्रखंड की सवैयाटांड़, चितरकोली और हरदिया पंचायत के कुछ गांवों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. उन्होंने सदन में मांग की कि इन सीमावर्ती गांवों को झारखंड के बजाय बिहार से बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को सुचारु और निर्बाध बिजली मिल सके.
अल्पसूचित प्रश्न: भू-जल स्तर गिरने से जल संकट, गंगाजल आपूर्ति योजना से जोड़ने की मांग
अल्पसूचित प्रश्न के तहत उन्होंने नारदीगंज प्रखंड की हडिया, डोहरा एवं पेश पंचायत तथा मेसकौर प्रखंड में गिरते वाटर लेवल (भू-जल स्तर) पर चिंता जताई. उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल संकट को दूर करने के लिए 'तेतर डैम गया जी गंगाजल आपूर्ति योजना' के तहत पानी पहुंचाने की मांग रखी.
ककोलत महोत्सव: 'विषुआ' के अवसर पर आयोजित करने की उठाई मांग
गैर-सरकारी विधेयक एवं संकल्प समिति के माध्यम से एमएलसी ने नवादा के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ककोलत में पारंपरिक 'विषुआ सत्तुआन' (वैशाखी) के अवसर पर भव्य ककोलत महोत्सव का सरकारी स्तर पर आयोजन करने का संकल्प प्रस्तुत किया.
