Bihar liquor smuggling: बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद झारखंड सीमा से शराब लाने की कोशिशें जारी हैं. इसी क्रम में रजौली थाना क्षेत्र के चितरकोली स्थित बिहार-झारखंड सीमावर्ती समेकित जांच चौकी पर उत्पाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए शराब और बियर के साथ पांच लोगों को गिरफ्तार किया. कार्रवाई के दौरान एक लग्जरी कार भी जब्त की गयी.
उत्पाद अधीक्षक गणेश चंद्रा ने बताया कि बिहार मद्यनिषेध कानून के तहत जांच चौकी पर झारखंड की ओर से आने वाले वाहनों की लगातार सघन जांच की जा रही है.
कार से बियर बरामद, तीन गिरफ्तार
पहली कार्रवाई उत्पाद एसआई नागो लकड़ा के नेतृत्व में की गयी. झारखंड की ओर से आ रही महिंद्रा एक्सयूवी 3XO (BR27Z1322) को जांच के लिए रोका गया. तलाशी के दौरान कार से 500 एमएल का बडवाइजर बियर का एक केन बरामद हुआ.
कार में सवार तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हिसुआ थाना क्षेत्र के अरियन गांव निवासी बल्लम सिंह के पुत्र रतन कुमार, महेश कुमार के पुत्र शुभम कुमार और शालिग्राम सिंह के पुत्र राजा कुमार के रूप में हुई है.
उत्पाद विभाग के अनुसार पूछताछ में तीनों ने बताया कि वे बियर खुद पीने के लिए ले जा रहे थे. विभाग ने बियर और कार जब्त कर प्राथमिकी दर्ज की है.
यात्री बस से दो बोतल विदेशी शराब बरामद
दूसरी कार्रवाई में एएसआई धर्मेंद्र कुमार ने एक यात्री बस की जांच के दौरान दो लोगों को विदेशी शराब के साथ पकड़ा. इनमें मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र के रूपौली गांव निवासी लखींद्र साह के पुत्र राहुल साह और कुढ़नी थाना क्षेत्र के पुपरी गांव निवासी अनिल सिंह के पुत्र उब्बू सिंह शामिल हैं. उत्पाद विभाग के अनुसार दोनों के पास से 750 एमएल की विदेशी शराब की एक-एक बोतल बरामद हुई.
विशेष जांच अभियान में चार लोग नशे में पकड़े गये
उत्पाद विभाग ने शुक्रवार शाम से शनिवार सुबह तक विशेष जांच अभियान भी चलाया. इस दौरान विभिन्न यात्री वाहनों में सवार चार लोगों को शराब के नशे में गिरफ्तार किया गया.
मेडिकल जांच के बाद भेजे गये न्यायिक हिरासत में
उत्पाद अधीक्षक गणेश चंद्रा ने बताया कि गिरफ्तार सभी लोगों को शनिवार को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. कार्रवाई के दौरान उत्पाद एएसआई पंकज कुमार साव, मो. साबिर और गृहरक्षक के जवान मौजूद रहे.
